
जमशेदपुर : टाटा स्टील की अधीकृत यूनियन टाटा वर्कर्स यूनियन में शुक्रवार को सिक्यूरिटी विभाग के कमेटी मेंबर पहुंचे. इन लोगों ने एक ज्ञापन यूनियन अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु को सौंपा. ज्ञापन सौंपने वालों में कमेटी मेंबर कृष्णा पांडेय, निलेश कुमार, कमलेश कुमार सिंह, संतोष कुमार सिंह और ब्रजेश पटेल शामिल है. इन लोगों ने एक ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि उन लोगों को गुड कंडक्ट बोनस दिलवाया जाये. इन लोगों का कहना है कि कई वर्षों से उन लोगों को यह सुविधा नहीं मिल पायी है. इन लोगों ने कहा है कि कमेटी मेंबरों ने अपने स्तर से इसको चालू कराने का प्रयास किया, लेकिन सफल वे लोग नहीं हो पाये. प्रबंधन के कई वरिष्ठ पदाधिकारयिों से इस संदर्भ में बातचीत की, जिनसे मालूम चला कि इसके एक बिंदू परेड से जोड़ा गया है और आजकल परेड नहीं हो रहा है. परेड नहीं होने की वजह कई है. पहले ट्रेनिंग सेंटर में एक प्रशिक्षक हुआ करते थे, जो अब इस तरह का कोई व्यक्ति नहीं है. पहले गरमनाला सिक्यूरिटी फ्लैट हुआ करता था और सिक्यूरिटी विभाग के कर्मचारी वहीं और उसके आसपास रहते थे, जो लोग परेड करने जाते थे, उनके लिए नाश्ते का प्रबंधन होता था, जो अभी संभव नहीं है. विभाग में हजारों कर्मचारी हुआ करते थे, जो इस समय कम हो चुके है. इस तरह पहले किये गये समझौते उस समय के परिस्थितियों के अनुकूल था. अब इसमें बदलाव की जरूरत है. इन लोगो ने कहा है कि पूरे कोरोना काल में सिक्यूरिटी विभाग के जवानों ने अपना उत्कृष्ट काम किया है. एमडी ने भी इसकी सरहना की है और गेटों पर जाकर उनका हौंसला बढ़ाया है. इस कारण सिक्यूरिटी विभाग के कर्मचारियों को अतिरिक्त गुड कंडक्ट बोनस दिलवाया जाये ताकि कर्मचारियों का मनोबल बढ़ सके.













