जमशेदपुर : टाटा स्टील के स्थायी कर्मचारियों के लिए शाम में डिप्लोमा कोर्स कराने की सुविधा के लिए आवेदन आमंत्रित किये गये है. टाटा स्टील के जमशेदपुर वर्क्स, ट्यूब, टिस्को ग्रोथ शॉप, कलिंगानगर, मेरामंडली, साहिबाबाद, खपोली, बियरिंग डिवीजन, हुगली मेट कोक, झरिया, पश्चिम बंगाल, जोड़ा, बामनीपाल और ओएमक्यू के कर्मचारी इसके लिए अपना आवेदन दे सकेंगे. मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल व मेटलर्जी के कर्मचारियों को प्राथमिकता दी जायेगी. तीन साल का यह गैर आवासीय सर्टिफिकेट कोर्स होगा. इ-लर्निंग के माध्यम से भी ट्रेनिंग दी जायेगी. सोमवार से शनिवार तक शाम 5.30 बजे से रात 9 बजे तक यह ट्रेनिंग दी जायेगी. इंग्लिश, साइंस, मैथ्स से मैट्रिक की परीक्षा पास होने वाले इसके लिए आवेदन दे सकते है. ट्रेड अप्रेंटिस वाले को चार साल काम करने की योग्यता 1 दिसंबर 2022 तक होनी चाहिए.(नीचे भी पढ़े)
गैर ट्रेड अप्रेंटिस वाले को 6 साल काम करने की योग्यता होनी चाहिए. 45 साल या उससे कम वाले कर्मचारी इसके लिए अपना आवेदन दे सकते है. उक्त कर्मचारी को सभी विषय में 75 फीसदी अंक हासिल होना जरूरी है. ट्रेनिंग पूरा कर लेने वाले कर्मचारी को मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, मेटलर्जी इंजीनियरिंग में डिप्लोमाहोल्डर माना जायेगा. ऐसे कर्मचारी प्रोमोशन के लिए डिप्लोमा की योग्यता वाली सारी परीक्षा और पद में अपना आवेदन दे सकेंगे. कोर्स पूरा होने के बाद सबको अवार्ड दिया जायेगा. इसके लिए लिखित परीक्षा 12 से 16 दिसंबर तक आयोजित होगा. 25 नवंबर तक इसके लिए कर्मचारी अपना आवेदन जमा कर सकेंगे. आवेदक से इसके लिए होने वाली परीक्षा में मैट्रिक लेवल का इंग्लिश, फिजिक्स, केमिस्ट्री, मैथ्स के अलावा टाटा स्टील सेफ्टी और टीक्यूएम से जुड़े सवाल पूछे जायेंगे.













