जमशेदपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे मेंस यूनियन के तहत चक्रधरपुर मंडल के नये संयोजक एमके सिंह का रविवार को टाटानगर स्टेशन पहुंचने पर भव्य स्वागत हुआ. बैंड बाजा लेकर बड़ी संख्या में पहुंचे रेल कर्मियों ने उन्हें फूल माला पहनाकर एवं रंग-गुलाल उड़ाकर उनका स्वागत किया एवं वहां से यूनियन कार्यालय तक पटाखे फोड़ते एवं नारे लगाते हुए ले गये, जहां उनके स्वागत में समारोह आयोजित हुआ. समारोह में रेल कर्मियों ने नव नियुक्त संयोजक एमके सिंह के साथ एकजुटता प्रदर्शित की. वहीं संयोजक एमके सिंह ने भी सभी रेल कर्मियों के सुख-दुख में उनके साथ रहने का वायदा किया. (नीचे भी पढ़ें)
श्री सिंह ने अपने संबोधन में आनेवाले समय को रेल कर्मियों के लिए काफी चुनौतीपूर्ण बताते हुए चुनौतियों का सामना करने के लिए सभी से एकजुटता बनाये रखने का आह्वान किया. उन्होंने बताया कि विगत 29 नवंबर को पुरी में आयोजित ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन के अधिवेशन में फेडरेशन के महामंत्री शिवगोपाल मिश्रा ने न्यू पेंशन एवं प्राइवेटाइजेशन को रेल कर्मियों के लिए बड़ी चुनौती बताया एवं कहा कि इसका सामना करने के लिए हमें तैयार रहना होगा. स्वागत समारोह को सफल बनाने में आदित्यपुर से पहुंचे शाखा सचिव राजेश कुमार, टाटा ब्रांच के सचिव संजय सिंह, एमपी गुप्ता, मदन झा, भीम, जेपी साहब, परमानंद मिश्रा, गोपाल कर, एनके शर्मा आदि ने भी शिरकत की.




