
जमशेदपुर : टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन शनिवार को लीक से हटकर काम करते हुए खुद ही पैदल ही पूरे प्लांट का भ्रमण किया. उन्होंने पैदल ही प्लांट के सारे हिस्सों का औचक निरीक्षण किया. वे सुबह में ही टाटा स्टील के जेनरल ऑफिस गेट से अपनी कार खुद चलाकर पहुंचे. इस दौरान उनका गेट पर थर्मल चेकिंग भी की गयी. इसके बाद वे कार को एक जगह खड़ी कर दी और फिर पैदल ही अकेले ही प्लांट में चले गये और खुद से सारी चीजों को नजदीक से देखा. कारपोरेट जगत में ऐसा कम ही नजारा देखने को मिलता है. टाटा स्टील में विरले ही प्लांट में ऐसा कोई नजारा दिखता है कि कोई एमडी खुद से शॉप फ्लोर पर जाकर खुद निरीक्षण करें और सारी जानकारी हासिल करें. ऊपर से कोरोना वायरस के संक्रमण फैलने के खतरे के बीच एमडी खुद से पूरे प्लांट का भ्रमण किया. चूंकि, खुद एमडी मास्क लगाये हुए थे तो ज्यादा कर्मचारी पहचान भी नहीं पाये. आराम से उन्होंने कैंटीन का भ्रमण किया.

कैंटीन की सफाई और हाइजिन का क्या इंतजाम है, इसको उन्होंने खुद से बारीकि से देखा. इसके बाद वे कैंटीन के किचेन तक गये. किचेन में साफ-सफाई है या नहीं, यह भी देखा. सुबह के वक्त चूंकि, इंट्री का वक्त होता है तो कर्मचारियों का आना जाना भी होता है, इस कारण वे खुद से कंपनी के गेट पर भी गये. पैदल ही गेट पर पास दिखाकर गेट को पार किया. गेट पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन हो रहा है या नहीं, यह भी उन्होंने देखा. काफी देर तक तो कोई जान भी नहीं पाया कि टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन ही उनके बीच थे. जब वे वहां से निकल गये तो चर्चा के बाद उनकी पहचान हुई कि वे एमडी ही थे. इस दौरान उन्होंने जहां भी लापरवाही देखी, वहां के संबंधित अधिकारियों को फोन पर जानकारी देते हुए बताया कि यह सुधार की जरूरत है और यहां सुधार करना चाहिए. इस दौरान उन्होंने कोरोना वायरस के संक्रमण के बीच खुद की जान जोखिम में डालकर ड्यूटी करने वाले सुरक्षाकर्मियों का हौंसला भी बढ़ाया. इस दौरान उन्होंने सभी चीजों को बारीकी से देखा. एमडी के औचक निरीक्षण से कर्मचारियों में भी अच्छा प्रभाव पड़ा है. कर्मचारी एमडी के इस काम से काफी खुश है तो कई सारे अधिकारियों में भी हड़कंप मच गया है.





