जमशेदपुर : दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में चल रहे इंटक के राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में कई मुद्दे उठाये गये है. इस बैठक में टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु, महासचिव सतीश सिंह, डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह समेत कई पदाधिकारी हिस्सा ले रहे है. इसके अलावा मजदूर नेता राकेश्वर पांडेय समेत अन्य लोगों ने भी हिस्सा लिया है. इस इंटक की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में इंटक के युवा नेता और टाटा वर्कर्स यूनियन के सहायक सचिव नितेश राज ने जोरदार तरीके से इपीएस 95 का मुद्दा उठाया है. सहायक सचिव नितेश राज ने इसको लेकर इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ जी संजीवा रेड्डी को ज्ञापन सौंपा है और मांग की है कि सुप्रीम कोर्ट ने इपीएस 95 को लेकर जो आदेश दिया है, उसको अक्षरश: लागू किया जाये. (नीचे भी पढ़ें)
अपने ज्ञापन में नितेश ने कहा है कि कर्मचारियों को इपीएस 95 का लाभ तत्काल दिलाया जाये. 3 मार्च का अब समय जब नजदीक आ गया तो केंद्र सरकार हरकत में आयी है जबकि नवंबर में दिये गये आदेश पर केंद्र सरकार चुप बैठी रही और अभी जाकर आदेश जारी किया गया है. कंपनियों के साथ मिलकर समन्वय स्थापित कर सारे रिजनल दफ्तरों को कॉमन आदेश जारी किया जाये कि जो लोग कार्य कर रहे है, उनको तत्काल फार्म भरा जाये और वेरिफिकेशन भी किया जाये. इसके अलावा जो रिटायर हो चुके है, उनको संस्थानों से दस्तावेज संयुक्त फार्म भरने के लिए मिले, यह भी सुनिश्चित कराया जाना चाहिए. इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष जी संजीवा रेड्डी ने कहा है कि केंद्र सरकार के फोरम पर वे इस मुद्दे पर उठायेंगे.












