
जमशेदपुर : टाटा वर्कर्स यूनियन के ऑफिस बियरर की दूसरी ऑनलाइन मीटिंग शनिवार की शाम को हुई. इसमें अध्यक्ष आर रवि प्रसाद, महामंत्री सतीश सिंह, डिप्टी प्रेसिडेंट अरविंद पांडेय, उपाध्यक्ष शाहनवाज आलम, भगवान सिंह, धमेंद्र उपाध्याय, हरिशंकर सिंह, सहायक सचिव नितेश राज, कमलेश सिंह, कोषाध्यक्ष प्रभात लाल शामिल हुए. मीटिंग में कोविड 19 को लेकर लागू लॉकडाउन से प्रभावित लोगों तक सीएसआर फंड से मदद करने, ट्रेड अप्रेंटिस व जॉब फॉर जॉब से ज्वाइनिंग, इंसेंटिव बोनस (आइबी) का जीरो होना, कर्मचारियों का टीएमएच में कोरोना टेस्ट करने की मांग उठी. सीएसआर फंड के माध्यम से लोगों को मदद करने की बात पर पदाधिकारी एक मत पर सहमति नहीं जुटा पाएं. महामंत्री सतीश सिंह, उपाध्यक्ष हरिशंकर सिंह, कमलेश सिंह ने कहा कि विभिन्न त्योहार पर चना गुड़ बांटने के लिए खर्च होने वाले 36 हजार रुपये को खर्च किया जाये. जबकि डिप्टी प्रेसिंडेंट और अन्य पदाधिकारी की राय थी कि यूनियन के पास काफी फंड है वे एक सम्मानजनक रकम को समाज के लिए खर्च कर सकते हैं. वहीं यह बात भी उठी कि कमेटी मेंबरों ने यह संदेश दिया है कि प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री या टाटा कंपनी के अपने सीएसआर के द्वारा किये जा रहे कार्य में मदद की जाये. दूसरी ऑनलाइन में भी सीएसआर फंड पर सहमति नहीं बनने पर टॉप थ्री ने सभी का सलाह लेकर निर्णय लेने की बात कही. धर्मेंद्र उपाध्याय ने आइबी जीरो होने का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि प्रोडक्शन कम होने के कारण सभी विभागों के कर्मचारियों का आइबी जीरो हो गया जबकि इस दौर में टीएमएच, सिक्युरिटी, फायर सर्विस से जुड़े कर्मचारियों ने ड्यूटी किया है बल्कि इस महामारी के काल में अच्छा प्रदर्शन किया है. इसलिए आइबी जीरो होने पर रिव्यू होना चाहिए. इस पर सभी पदाधिकारियों ने सहमति जतायी. इस संबंध में टॉप थ्री ने कहा कि वे प्रबंधन से वार्ता कर इसका हल निकाला जायेगा. वहीं ट्रेड अप्रेंटिस और जॉब फॉर जॉब की ज्वाइनिंग प्रक्रिया को चालू कराने की मांग उठी. इस संबंध में वीपी एचआरएम से बात करने की बात टॉप थ्री ने की. सहायक सचिव नितेश राज ने कर्मचारियों का रेंडम कोरोना जांच टीएमएच में कराये जाने की मांग रखी.
कोविड की लड़ाई से जुड़े कर्मचारियों के परिवार को मदद की रखी गयी सलाह
अध्यक्ष आर रवि प्रसाद ने कहा कि मीटिंग के दौरान यह बात रखी गयी है कि कोविड 19 की लड़ाई से जुड़े टाटा स्टील सिक्यूरिटी विभाग, फायर विभाग और टीएमएच के कर्मचारियों के परिवार को संकट के दौर में विशेष मदद की जायेगी. उनका कहना था कि इन विभागों के कर्मचारियों को अगर ऐसे वक्त में कोई समस्या, या मृत्यु होती है तो उन्हें यूनियन फैमिली सपोर्ट करेगी.
यूनियन कार्यालय खुलने पर हुई चर्चा :
लॉकडाउन में मिली छूट और जमशेदपुर के ग्रीन जोन में शामिल होने के बाद ऑफिस बियरर की हुई मीटिंग में यूनियन कार्यालय खोलने को लेकर भी चर्चा हुई. प्रशासन से सहमति लेकर ही कम स्टॉफ और सीमित ऑफिस बियरर की उपस्थिति में कार्यालय होने पर चर्चा हुई है. लेकिन अभी इस पर अंतिम फैसला टॉप थ्री लेंगे. उसके बाद महामंत्री के हस्ताक्षर से नोटिस जारी किया जायेगा.






