जमशेदपुर : टाटा समूह के साथ झारखंड सरकार लगातार काम कर रही है. आगे भी करेगी. टाटा स्टील ने टिनप्लेट के माध्यम से करीब 2245 करोड़ रुपये का निवेश करने जा रही है. इससे करीब एक हजार लोगों को नौकरी मिल सकेगा जबकि करीब 5 हजार लोगों को अप्रत्यक्ष रुप से रोजगार मिल सकेगा. यह बातें राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहीं. श्री सोरेन जमशेदपुर में टाटा स्टील की अनुषंगी इकाई टिनप्लेट कंपनी ऑफ इंडिया लिमिटेड के विस्तार प्रोजेक्ट का शिलान्यास करने के बाद समारोह को संबोधित कर रहे थे. इस दौरान उनके साथ टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन, टिनप्लेट के एमडी आरएन मूर्ति, राज्य के मंत्री चंपई सोरेन, मंत्री बन्ना गुप्ता, जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय, झामुमो के विधायक रामदास सोरेन, झामुमो के विधायक मंगल कालिंदी, झामुमो विधायक समीर मोहंती, झामुमो विधायक सविता महतो, झामुमो विधायक संजीव सरदार, टाटा स्टील के वीपी कारपोरेट सर्विसेज चाणक्य चौधरी, मुख्यमंत्री की प्रधान सचिव वंदना डाडेल समेत अन्य लोग मौजूद थे. (नीचे भी पढ़ें)

इस दौरान अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में औद्योगिक नीति जो बनायी गयी है, वह औद्योगिक विकास के अनुरुप है और स्थानीय भावनाओं का ख्याल रखते हुए बनाया गया है. इस नीति को लेकर दिल्ली में जब मीटिंग हुई तो टाटा स्टील ने वादा किया था. उस वादा को टाटा ने निभाया है. इस एरिया की पहचान टाटा और बिड़ला से ही रहा है. इस कारण टाटा भी झारखंड के औद्योगिक विकास में अपनी अहम भूमिका निभा रहा है, यह खुशी की बात है. मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस प्रकार आज दि टिनप्लेट कंपनी ऑफ इंडिया लिमिटेड के विस्तारीकरण हेतु आधारशिला रखी गई है, मुझे उम्मीद है कि यह कार्य ससमय पूरा होगा, जिससे यहां के लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार प्राप्त होगा. सरकार की सोच हमेशा से रही है. राज्य में उद्योग लगेंगे तो रोजगार सृजन होगा. इसके लिए नीतियां बने ताकि अधिक से अधिक उद्योग लगे. सरकार बनने के बाद उद्योग नीति बनी. (नीचे भी पढ़ें)

इस क्रम में कई औद्योगिक घरानों का सहयोग प्राप्त हुआ. टाटा समूह के लोग भी उद्योग नीति की लांचिंग के दौरान उपस्थित थे. इसका बेहतर परिणाम देखने को मिला है. उद्योग नीति का ही प्रतिफल है कि आज टीसीआइएल के विस्तारीकरण हेतु भूमि पूजन किया गया. इससे पूर्व भी बोकारो में सीमेंट फैक्ट्री का विस्तारीकरण हुआ था और वहां से उत्पादन भी शुरू हो चुका है. मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे पहले भी बोकारो की एक सीमेंट कंपनी अपना विस्तार चाहती थी, लेकिन सरकार के सहयोग के अभाव में नहीं कर पाया. लेकिन हम लोग की सरकार जो बोलती है, वह करती है. टाटा स्टील के टिनप्लेट कंपनी के विस्तार में झारखंड सरकार पूरी भूमिका निभायेगा. किसी तरह का अड़चन विस्तार में नहीं हो, इसकी कोशिश करेगा. (नीचे भी पढ़ें)

टाटा समूह झारखंड में कैंसर अस्पताल लगा रहा है, होटल ताज लगा रहा है. टाटा समूह के निवेश का स्वागत है और सरकार सारी योजनाओं को धरातल पर उतारने में अपना सहयोग करेगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि इस देश और राज्य के विकास में टाटा समूह की बड़ी भूमिका रही है. सरकार का प्रयास है औद्योगिक घरानों से सम्बंध और मजबूत हो. इसके लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है. पर्यटन उद्योग को भी बढ़ावा देने के लिए कई कदम सरकार मजबूती के साथ बढ़ाई है. झारखण्ड का पर्यटन कैसे आगे बढ़े इसके लिए भी कई कार्य किए जा रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
टाटा स्टील के एमडी ने कहा-अभी 2245 करोड़ रुपये का निवेश, फिर दूसरे चरण में भी होगा निवेश
टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन ने अपने संबोधन में कहा कि टाटा समूह का झारखंड से सौ साल से ज्यादा से जुड़ाव है. टाटा स्टील यहां अपने सहयोगी कंपनियों के माध्यम से निवेश कर रही है. टिनप्लेट इसका उदाहरण है. पहले फेज में 2245 करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश हो रहा है. दूसरे फेज में और निवेश होगा. आने वाले दिनों में और भी निवेश हो सकेगा. उन्होंने बताया कि टाटा समूह जमशेदपुर में जल्द ही होटल ताज खोलने जा रही है, जबकि पहले से ही हम लोग यहां होटल जिंजर संचालित कर रहे है. रांची में टाटा समूह की ओर से कैंसर अस्पताल तैयार किया गया है, जिसका जल्द ही उदघाटन कर दिया जायेगा. लोगों का इलाज यहां संभव हो सकेगा. उन्होंने कहा कि टाटा समूह हमेशा सरकार के साथ काम करता आया है और आगे भी करेगा. इस मौके पर टिनप्लेट के एमडी आरएन मूर्ति ने सारे अतिथियों का स्वागत किया. धन्यवाद ज्ञापन टिनप्लेट के सीनियर जीएम एसजे डे ने किया.











