
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के आनंदपुर थाना अंतर्गत पुराना मुखी बस्ती निवासी जितेन मुखी को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर न्यायायिक हिरासत में भेज दिया है. जितेन बाइक चोर गिरोह का सदस्य बताया जा रहा है. पुलिस ने उसके पास से चोरी की एक बाइक भी बरामद की है. पूछताछ में जितेन ने पुलिस को बताया कि बरामद मोटरसाइकिल को जितेन और उसके एक साथी ने मिलकर दो माह पूर्व चारबंदिया के पास से चुराया था. उसने खुलासा करते हुए बताया कि उनके घर वाले खर्च नहीं देते थे. वे लोग नशे के आदि भी थे, जिस कारण दोनों मिलकर गाड़ियों से डीजल, बैट्री और अन्य छोटे मोटे सामान चुराते थे. दोनों ने साथ मिलकर बीते दिनों मनोहरपुर के गणेश मंदिर में भी चोरी की थी. पुलिस ने बताया कि मनोहरपुर थाना में 22 फरवरी को मामला दर्ज कराया गया था, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एक टीम का गठन किया था. टीम में मनोहरपुर थाना प्रभारी प्रदीप मिंज, बजरंग टोप्पो, मुकेश कुमार, अरविंद तिर्की, प्रशांत गौरव, आनंदपुर थाना के दिलीप टुडू के साथ अन्य सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. सभी ने जितेन के घर छापेमारी कर उसे पकड़ा. पुलिस जितेन के अन्य साथियों की तलाश में छापेमारी कर रही है.














