
जमशेदपुर : जमशेदपुर पुलिस ने 13 जून यानी शनिवार को साकची, बिष्टुपुर और साकची थाना क्षेत्र में एक साथ चार महिलाओं से चेन छिनतई करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. यह युवक ओड़िशा के बेलपहाड़ के गोविंद टॉकीज के पास रहने वाले कामेश्वर प्रसाद का बेटा मोनु प्रसाद है, जो अभी मानगो के एनएच 33 रोड बिग बाजार के पास तुषार विल्ला के कमरा नंबर 104 में भाड़े में रहता था. उसके पास से पुलिस ने छिनतई में उपयोग में लायी गयी मोटरसाइकिल संख्या (जेएच05एएस-6097) को भी जब्त किया गया है. उसके पास से सोना का वजन करने वाला मशीन भी बरामद किया गया है जबकि वह टी शर्ट काले रंग का बरामद किया गया है, जो पहनकर छिनतई की घटना को अंजाम दिया था. जमशेदपुर के सिटी एसपी सुभाष चंद्र जाट खुद इस पूरे मामले की जांच कर रहे थे. पुलिस ने सीसीटीवी में छिनतई करने वाले की पहचान की और आरोपी तक पहुंचने में कामयाब रही. वह युवक ओड़िशा में छिनतई कर जमशेदपुर आ जाता था और जमशेदपुर से छिनतई करने के बाद ओड़िशा चला जाता था.
टेल्को और बिष्टुपुर में पूर्व में भी वह छिनतई की घटना में जेल जा चुका है. 2016 में टेल्को और बिष्टुपुर में केस दायर किया गया था. इसके बारे में जमशेदपुर के एसएसपी ने बताया कि उक्त अभियुक्त किसी भी अकेली महिला को सड़क पर जाती हुई दिखाई देने पर झपट्टा मारकर चेन छिन लेने की घटना को अंजाम देता था. उक्त अभियुक्त घटना को अंजाम देने के बाद भाग जाता था. बताया जाता है कि अक्सर दो लोग छिनतई करते है, लेकिन वह अकेले ही छिनतई करता था और भागने में कामयाब हो जाता था. पुलिस ने अब तक छिने गये चेन को बरामद नहीं किया है. पुलिस उक्त युवक से पूछताछ कर गहना को बरामद करने का प्रयास कर रही है. बताया जाता है कि वह कुछेक चेन को बेच भी दिया है. गौरतलब है कि जमशेदपुर में शनिवार को जब एसएसपी, सिटी एसपी समेत तमाम वरीय अधिकारी चेकिंग कर रहे थे, तब उक्त युवक ने एक साथ चार स्थानों पर छिनतई कर सनसनी फैला दी थी और पुलिस को चुनौती दी थी.






