
सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिला के आदित्यपुर थाना अंतर्गत मुस्लिम बस्ती में पुलिस और अपराधियों के बीच गोलीबारी हुई है. बताया जाता है कि आदित्यपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी, कि अपराधकर्मी कादिम खान अपने सहयोगियों के साथ बस्ती में छिपा हुआ है. जिसके बाद थाना प्रभारी दलबल के साथ मुस्लिम बस्ती पहुंचे. वहीं पुलिस को देखते ही अपराधियों ने पुलिस पर गोली चलानी शुरू कर दी बताया जाता है कि मोहम्मद कोको ने पुलिस पर गोली चलाई. वैसे साबिर हुसैन नामक व्यक्ति इस गोलीकांड में बाल-बाल बच गया. वहीं पुलिस ने भी भाग रहे अपराधियों पर जवाबी फायरिंग की. इसी बीच अपराधकर्मी कादिम खान ने कोको से हथियार छीन लिया और सद्दाम के साथ भागने में सफल रहा. वैसे पुलिस ने मोहम्मद कोको को गिरफ्तार कर लिया है. गौरतलब है कि पिछले शनिवार से ही आदित्यपुर मुस्लिम बस्ती में वर्चस्व की लड़ाई को लेकर हिंसक टकराव की स्थिति बनती चली जा रही है. शनिवार को जहां अपराधियों ने रमजान उर्फ चौधरी को गोली मारकर घायल कर दिया था. वही घटना के बाद से लगातार पुलिस अपराधियों की धरपकड़ में जुटी हुई है. लेकिन अब तक अपराधी पुलिस की पकड़ से दूर हैं. इस मामले में कदीम खान औरंगजेब, सद्दाम सहित कुल 10 नामजद आरोपी बनाए गए हैं. वैसे इस पूरे घटनाक्रम पर पूछने पर आदित्यपपुर थाना प्रभारी राजेंद्र प्रसाद महतो ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि अपराधी वहां पहुंचे हुए है. सारे नामजद आरोपी है. उनकी तलाश की जा रही है. फायरिंग जैसी आवाज आयी थी, लेकिन चूंकि, ट्रेन भी चल रही थी, इस कारण यह कहा नहीं जा सकता है कि गोली चली थी. हो सकता है कि ट्रेन की आवाज हो. पुलिस ऐसे अपराधियों के खिलाफ मुहिम जारी रहेगी और उनको करारा जवाब दियाा जायेगा.







