
जमशेदपुर : झारखंड सरकार ने भोग के वितरण पर रोक लगा रखी है. महाभोग का प्रसाद हासिल करना एक बड़ी चुनौती है जबकि हर दुर्गा पूजा में शायद ही कोई ऐसा घर होगा, जहां महाभोग नहीं आता होगा. लेकिन इस साल कोरोना के कारण भोग का वितरण नहीं ही हो रहा है. सिर्फ पूजा हो रहा है और प्रसाद भी गिने चुने लोगों को ही दी जा रही है. इसका फायदा उठाते हुए जमशेदपुर के कई होटलों ने भोग के नाम पर बड़ा कारोबार शुरू कर दिया है.

दुर्गा पूजा के दिन बिष्टुपुर स्थित होटल नटराज, होटल सोनेट, राधे टिफिन समेत अन्य होटलों ने भोग के नाम पर अपना एडवरटाइजमेंट जारी कर दिया है और 250 रुपये में भोग का वितरण कर रहा है. इसके अलावा भी कई ऐसे होटल है, जो भोग के नाम पर कारोबार करने लगे है. ऐसे भोग के नाम पर रुपये का दोहन करने को लेकर हिंदूवादी संगठनों और दुर्गा पूजा कमेटियों ने जोरदार विरोध दर्ज कराया है. इसको लेकर हिंदूपीठ के पदाधिकारी अरुण सिंह ने बिष्टुपुर थाना में एक लिखित शिकायत दर्ज करायी है. लिखित शिकायत में कहा गया है कि जिला प्रशासन तत्काल ऐसे धार्मिक आस्था को चोट पहुंचाने वाले लोगों के खिलाफ कोविड-19 के तहत मुकदमा करें और धार्मिक भावना भड़काने का भी केस दर्ज कर इनको जेल भेजे. इसको लेकर कई स्तरों पर शिकायतें की गयी है.






