
जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थाना अंतर्गत रामजनम नगर हरि मंदिर के पास रहने वाले राकेश कुमार ने कदमा थाने में मनोज अग्रवाल और मुकेश अग्रवाल पर मारपीट कर रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है. राकेश ने इस संबंध में कदमा थाना में दोनों के खिलाफ एकमत होकर गाली-गलौज और मारपीट करते हुए रंगदारी मांगने तथा धमकी देने का मामला दर्ज कराया है. घटना बुधवार की है फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. (अगली खबर नीचे पढ़ें)
बिस्टुपुर में शव मिलने के मामले में मृतक की पत्नी ने जताई हत्या की आशंका, अज्ञात पर मामला दर्ज
जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना अंतर्गत अर्ध निर्मित सेंचुरी मॉल में बुधवार को शव मिलने के मामले में मृतक की पत्नी अभिलाषा देवी ने अज्ञात के खिलाफ हत्या करने का मामला दर्ज कराया है. बुधवार को सेंचुरी मॉल के परिसर में गार्ड का शव पाया गया था जिसके बाद पत्नी ने हत्या की आशंका जताते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है. (अगली खबर नीचे पढ़ें)
साकची रिलायंस स्मार्ट के पूर्व कर्मचारी पर चोरी की आशंका, थाने में मामला दर्ज
साकची थाना अंतर्गत एसएनपी एरिया स्थित रिलायंस स्मार्ट के पूर्व कर्मचारी शशि रंजन पर चोरी में संलिप्त होने का आरोप लगाते हुए साकची थाना में मामला दर्ज किया गया है. यह मामला भावेश कुमार के बयान पर दर्ज किया गया है. प्राथमिकी के अनुसार शशि रंजन रिलायंस स्मार्ट में कर्मचारी रह चुका है. इस दौरान उसने रिलायंस स्मार्ट से लगभग एक लाख रुपए से ज्यादा के सामान की चोरी की है. फिलहाल उस पर चोरी में संलिप्त होने का आरोप है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
(अगली खबर नीचे पढ़ें)
चोरी की नीयत से घूम रहे युवक को पुलिस ने पकड़ कर भेजा जेल
साकची थाना अंतर्गत सब्जी मंडी में चोरी करने के उद्देश्य से घूम रहे मोहम्मद साकिब अली को साकची पुलिस ने गिरफ्तार किया है. मोहम्मद साकिब अली को पुलिस ने पूर्व में भी चोरी करने के आरोप में जेल भेजा है. मोहम्मद साकिब आजाद नगर थाना क्षेत्र के ओल्ड पुलिया रोड नंबर 15 का रहने वाला है. पुलिस ने उसे जेल भेज दिया. (अगली खबर नीचे पढ़ें)
बिष्टुपुर से बलात्कार करने का आरोपी गया जेल
बिष्टुपुर के धातकीडीह हरिजन बस्ती निवासी आकाश मुखी को पुलिस ने शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने के आरोप में गिरफ्तार किया है. आकाश के खिलाफ हरिजन बस्ती निवासी एक युवती ने शादी का झांसा देते हुए यौन शोषण करने का मामला दर्ज कराया था. यह मामला 1 नवंबर 2020 को दर्ज किया गया था. गुरुवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. (अगली खबर नीचे पढ़ें)
चोलामंडलम के एमडी और बिष्टुपुर शाखा के प्रबंधक के खिलाफ 3.50 लाख रुपए ठगी का आरोप, कदमा थाना में मामला दर्ज
कदमा थाना अंतर्गत उलियान निवासी विशाल ने बिष्टुपुर स्थित चोलामंडलम फाइनेंस सर्विस के खिलाफ 3.50 लाख रुपए ठगी करने का आरोप लगाते हुए कदमा थाना में न्यायालय परिवाद दर्ज कराया है. शिकायत के अनुसार साल 2018 में उन्होंने चोलामंडलम से एक कार फाइनेंस कराई थी. डाउन पेमेंट के रूप में उन्होंने दो लाख रुपए दिए थे और हर माह किस्त के रूप में 15 हजार रूपए देने थे. 15 माह तक किस्त जमा करने के बाद भी उसे कार का परमिट नहीं दिया गया. जिसके बाद उसने किस्त देना बंद कर दिया. कंपनी ने बिना किसी नोटिस के कार वापस छीन लिया. विशाल ने चोलामंडलम के एमडी अरुणा अलागप्प और बिस्टुपुर ब्रांच के मैनेजर देवेंद्र मुंडा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है.





