
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो सहारा सिटी से रविवार को पकड़ा गया अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम अब्दुल माजिद कुट्टी को मानगो से गिरफ्तार कर गुजरात एटीएस की टीम गुजरात ले गयी है. गुजरात एटीएस ने उससे घंटों पूछताछ की है. रास्ते भर पूछताछ के साथ ही गुजरात में भी पूछताछ की गयी है और एटीएस उसको रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी. करीब 24 साल के बाद वह पकड़ा गया है, जिसमें उसने कई सारे राज खोले है. उसने बताया है कि 1997 में किस तरह वह देश को दहला देना चाहता था और किस तरह कांड को अंजाम देने वाला था. इस मामले में कड़ी दर कड़ी का मिलान गुजरात एटीएस कर रही है. जमशेदपुर में और किसके साथ वह संपर्क में था, कैसे पासपोर्ट बनाया गया, कैसे आधार कार्ड बनाया गया और ये सारे दस्तावेज बनवाने वालों के खिलाफ भी अब कार्रवाई की तैयारी की जा रही है. जमशेदपुर पुलिस भी इस कड़ी से जुड़े हुए लोगों की तलाश कर रही है और दो से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. उसका कोविड-19 का टेस्ट भी कराया गया, जिसमें वह नेगेटिव पाया गया है. आतंकी कुट्टी ने एटीएस को कई महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध करायी है. इसके बारे में जानकारी देते हुए गुजरात एटीएस के डीएसपी केके पटेल ने बताया कि उससे पूछताछ की जा रही है. उन्होंने बताया कि मुंबई के माहिम में साल 1962 में जन्मा अब्दुल माजिद कुट्टी 10 वीं तक की पढ़ाई की है. पिता मो अहमद, जो की माहिम में दवा दुकान चलाते थे, उनकी मौत 1978 में हो गई. पिता की मौत के बाद 6 साल तक संघर्ष भरा जीवन व्यतीत करने के बाद वह 1984 में दुबई चला गया. वहां अब्दुल ने एक कंपनी में एल्यूमिनियम ग्लास फिटिंग का काम शुरु किया. गुजरात एटीएस के डीएसपी केके पटेल के मुताबिक, दुबई में रहते हुए उसने दाउद इब्राहिम, अनीस इब्राहिम, अबू सलेम, मो दोसा, मुस्तफा दोसा, छोटा शकिल, टाइगर मेमन के साथ मिलकर दुबई से मुंबई के बीच सोने की स्मग्लिंग करने का काम शुरु किया. गुजरात के पोरबंदर निवासी मामू मियां भी उसके इस सोने के तस्करी यानी स्मग्लिंग में सहयोगी था. एटीएस के मुताबिक, साल 1996 में दुबई में उसकी मुलाकात अबू सलेम से दुबई में हुई, जहां दोनों ने गणतंत्र दिवस (25 जनवरी) वर्ष 1997 के मौके पर बड़ा आतंक फैलाते हुए धमाका करने की योजना बनाई. वे लोग मुंबई और गुजरात में बड़ा धमाका करना चाहते थे. इसके लिए अबू सलेम ने राजस्थान के अजमेर निवासी मो फजल पठान को चुना. फजल का काम था कि वह पाकिस्तान के रास्ते राजस्थान बॉर्डर बाड़मेर से हथियार को मुंबई पहुंचायेगा, जहां कुट्टी उसे लेकर आगे की योजना के तहत काम करेगा और सीरियल ब्लास्ट करेगा. इसी बीच 23 दिसंबर 1996 को जांच के क्रम में मो फजल पठान, मो उस्मान, अनवर कुरैशी और शकिल कुरैशी को विस्फोटक के साथ पकड़ा गया था. दोनों के पास से 130 पिस्टल, 113 मैग्जीन, 750 गोली, चार किलो आरडीएक्स, 10 डेटोनेटर बरामद किया गया था. सूचना मिलने पर कुट्टी ने अबू सलेम को जानकारी दी और वहां से वह बैंकॉक भाग गया. इधर पूछताछ में एटीएस को मामले में दाउद इब्राहिम, अबू सलेम और अब्दुल माजिद कट्टी के संलिप्त होने का पता चला. इस मामले में गुजरात के महसाना थाना में कांड संख्या 449/96 दर्ज कर मामले की जांच की जा रही थी और गुजरात के मेहसाना कोर्ट में पकड़े गये अपराधियों का ट्रायल कराया जा रहा था, जिसमें दाऊद इब्राहिम, अबू सलेम और कुट्टी को फरार बताया गया था. 1996 से ही उसके खिलाफ वारंट था. इधर दो साल बैंकॉक में रहने के बाद वह 1999 में बैंकाक से मलेशिया गया, जहां उसकी मुलाकात जमशेदपुर के मो इनाम से हुई. मो इनाम ने ही उसके जाली दस्तावेज पासपोर्ट समेत अन्य सारे दस्तावेज बनाने में उसकी मदद की थी. मलेशिया के क्वालालंपुर में रहते हुए उसने तीसरी शादी की. यहां से वह कपड़ों का व्यापार करने लगा. 19 साल वहां रहने के बाद वह मई 2019 में जमशेदपुर आया और पहले टेल्को के बारीनगर में अपना ठिकाना बनाया, जिसके बाद वह मानगो के सहारा सिटी में किराए के मकान में रहने लगा, जिसे दिशा प्रोपर्टी डीलर के जरिए लिया गया. यहां रहते हुए वह अनाज और ड्राई फ्रुट्स को इंपोर्ट एक्सपोर्ट करने लगा.












