
संतोष वर्मा
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के अंतर्गत नक्सल प्रभावित बंदगांव थाना क्षेत्र के बंदगांव घाटी में बीती रात नक्सलियों ने शक्तिपुंज बस पर अंधाधुंध फायरिंग की. मिली जानकारी अनुसार बस रांची से चाईबासा आ रही थी. इसी दौरान बस जैसे ही बन्दगांव घाटी के पास पहुंची तो पहले से घात लगाए नक्सलियों ने बस को रोकने का प्रयास किया. बस के ड्राइवर द्वारा जब बस को नहीं रोका गया तो फिर हथियारबंद अपराधियों द्वारा बस में अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी गई. वहीं बस चालक की सूझबूझ से किसी भी यात्री को कोई नुकसान नहीं हुआ और बस सुरक्षित चाईबासा पहुंची.
उक्त घटना की जानकारी जब पुलिस को लगी तो पुलिस ने क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया. उक्त घटना के संदर्भ में चक्रधरपुर के एसडीपीओ नाथू सिंह मीणा ने प्रेस वार्ता आयोजित कर पत्रकारों को दी. गौरतलब है कि, पहले भी रांची-चाईबासा रूट पर बसों पर नक्सलियों द्वारा फायरिंग की गई है. वहीं इस संबंध में बस चालक सीताराम सिंह ने पुलिस को बताया कि जैसे ही वह बंदगांव घाटी पहुंचा तो हथियार से लैस अपराधियों द्वारा उसे रोकने का प्रयास किया गया.

चालक ने जब बस को नहीं रोका तो पीछे से बस में अपराधियों द्वारा अंधाधुंध फायरिंग करनी शुरू कर दी गई. बस चालक ने बताया कि उसने करीब छह बार गोली चलने की आवाज सुनी.















