रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर सोमवार की शाम प्रोजेक्ट भवन से अपने सीएम हाउस जाते वक्त भीड़ द्वारा किये गये हमले में ट्राफिक इंस्पेक्टर घायल हो गये. ट्राफिक इंस्पेक्टर सीएम के काफिले को पार कराने में लगे हुए थे, जिन पर भीड़ ने हमला कर दिया, जिससे वे लोग घायल हो गये. घायल इंस्पेक्टर नवल किशोर प्रसाद को मेडिका अस्पताल ले जाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. इस बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को किसी तरह सुरक्षित निकाला गया, जिसके बाद भीड़ ने राजधानी रांची की सड़कों पर जमकर उत्पात मचाया.
किशोरगंज चौराहे से लेकर आसपास के इलाके में पुलिस के लगाये गये तमाम पोस्ट को तोड़ दिया गया. लोगों में गुस्सा था कि रांची के ओरमांझी में बलात्कार की घटनाएं घटी है. इस तरह की घटनाओं को लेकर सरकार गंभीर नहीं है और लगातार रेप की घटनाएं हो रही है. लोगों ने जमकर तोड़फोड़ की और पुलिस पूरी तरह बेबस नजर आयी. भीड़ की संख्या के आगे पुलिस की संख्या काफी कम थी और सख्ती भी नहीं हो रही थी, जिस कारण भीड़ का मनोबल बढ़ता चला गया और सारे लोग वहां बचते बचाते रहे. करीब एक घंटे तक चले हंगामा और तोड़फोड़ के बाद भीड़ तितर बितर हो गयी और फिर आसानी से चले गये. इसके बाद वहां पुलिस बलों को तैनात कर दिया गया है.
लेकिन पुलिस आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है, जिन लोगों ने वहां तोड़फोड़ की है. पुलिस की ओर से गाड़ियों में तोड़फोड़ करने वाले लोगों की पहचान आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और वीडियो कैमरे या मोबाइल से ली गयी तस्वीरों के माध्यम से कर रही है. वैसे करीब एक घंटे तक हंगामा होने के बाद किसी तरह यातायात को शांत कराया गया.















