
जमशेदपुर : जमशेदपुर के उलीडीह थाना अंतर्गत सुभाष कॉलोनी में फायरिंग मामले में मृत अर्पित के साथी विकास को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. इधर घटना स्थल से जांच के दौरान पुलिस ने खोखा बरामद किया है. पुलिस आस पास लगे सीसीटीवी की भी जांच कर रही है. हालांकि विकास के अनुसार वह अर्पित के साथ घर से कुछ काम के लिए निकला था. वह थोड़ी देर के लिए अर्पित से थोड़ा साइड हुआ था. इतने में ही डेविड अर्पित के पास पहुंचा और बातचीत के बीच ही उसने पिस्टल निकाल कर फायरिंग कर दी. गोली उसके बाईं ओर कमर में लगी. घटना को अंजाम देने के बाद डेविड मौके से फरार हो गया. उसने किसी तरह अर्पित को इलाज के लिए एमजीएम पहुंचाया जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड दिया. हालांकि इस कहानी को पुलिस सही नही मान रही है. पुलिस को शक है कि इस घटना में विकास का भी हाथ हो सकता है. (नीचे भी पढ़ें)
बाइक चोर गिरोह का सरगना है आरोपी डेविड टोप्पो, थाने में कई मामले है दर्ज
अर्पित के हत्या का आरोपी डेविड टोप्पो के खिलाफ उलीडीह थाने में कई मामले दर्ज है. नवंबर 2020 में ही उलीडीह पुलिस ने एक बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया था. उस वक्त यह बात सामने आई थी कि डेविड टोप्पो ही बाइक चोर गिरोह का संचालन करता है. हालांकि तब से लेकर अब तक वह पुलिस की गिरफ्त से बाहर रहा. पुलिस को यह बात भी पता चली है कि डेविड और अर्पित के बीच पैसों की लेनदेन भी थी. हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है.














