
जमशेदपुर : मानगो के ओल्ड पुरुलिया रोड निवासी अभिषेक कुमार के घर पर किराए में रहने वाले तीन लोग पूरे शहर में घूम घूम कर मोबाइल चोरी किया करते थे. इस मामले में मानगो पुलिस ने संगम महतो को गिरफ्तार किया है. जांच के क्रम में पुलिस ने उसके पास से 69 मोबाइल के साथ एक चेन बरामद किया है. इस मामले में संगम महतो के साथी दिनेश्वर नूनिया और उसका भाई अर्जुन नूनिया फरार चल रहा है. सभी साहेबगंज जिले के तीन पहाड़ के रहने वाले बताये जाते हैं. बताया जाता है कि तीन पहाड़ मोबाइल चोर गिरोह के लिए जाना जाता है. मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी हेड क्वार्टर-1 बीरेंद्र राम ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि इलाके में कुछ संदिग्ध लोग मौजूद हैं. (नीचे भी पढ़ें)
इसके बाद मानगो थाना प्रभारी विनय कुमार द्वारा टीम का गठन कर छापेमारी की गयी. छापेमारी के दौरान दिनेश्वर नूनिया और अर्जुन नूनिया फरार हो गए, जबकि संगम को पकड़ लिया गया. संगम और उसके साथी ने 2000 रुपए में अभिषेक कुमार के घर पर अक्टूबर 2020 में किराया का मकान लिया और फिर वहां रहने लगा. सभी चोर सब्जी बेचने के बहाने भीड़-भाड़ वाले इलाके में जाते और भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल चोरी किया करते थे. जब 15 से 20 की संख्या में मोबाइल हो जाती थी तो सभी वापस गांव जाकर उसे 2 से 3 हजार रूपये में बेच देते थे. इस बार लॉकडाउन लगने के कारण वे गांव नहीं जा पा रहे थे. इस कारण इतना मोबाइल जमा हो गया था. पूछताछ में यह भी जानकारी मिली कि इनके अन्य साथी पूरे देश के अलग अलग शहरों में मौजूद हैं. फिलहाल पुलिस जब्त मोबाइल का आईएमईआई नंबर जारी करेगी, ताकि जिन-जिन लोगों की मोबाइल चोरी हुई है उन्हे वापस दी जा सके.











