
देवघर : झारखंड के देवघर पुलिस ने 2 करोड़ की रंगदारी मांगने वाले को गिरफ्तार किया है. देवघर पुलिस की विशेष टीम ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर बंगाल के बीरभूम जिला से 20 वर्षीय अभियुक्त मीर मोसिकुल रहमान को गिरफ्तार किया है. अभियुक्त पिछले महीने की 30 तारीख को बम्पास टाउन निवासी राज कुमार से फ़ोन पर 2 करोड़ की रंगदारी मांगी थी. इस सिलसिले में राजकुमार द्वारा नगर थाना में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी. (नीचे देखे वीडियो और पूरी खबर पढ़ें)
इसी शिकायत पर मीर मोसिकुल की गिरफ्तारी हुई है. अभियुक्त द्वारा लगातार फ़ोन कर रंगदारी देने की मांग की जा रही थी, नही देने पर जान से मारने की भी धमकी दी जा रही थी. पूरी जानकारी देते हुए देवघर के एसडीपीओ पवन कुमार ने बताया कि अभियुक्त द्वारा लगातार फ़ोन किया जा रहा था. बाद में 15 लाख पर सेटलमेंट हो गया था लेकिन पुलिस की सक्रियता से इस कांड का उदभेदन हो गया. एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार मीर मोसिकुल नकली सोना बेचने के जुर्म में बंगाल में जेल भी जा चुका है. पुलिस ने इसके पास से रंगदारी मांगने के लिए प्रयुक्त मोबाइल फ़ोन भी बरामद किया है. फिलहाल पुलिस इससे कड़ी पूछताछ कर और जानकारी जुटा रही है.

















