जमशेदपुर : झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को राज्यपाल से मुलाकात कर 108 एम्बुलेंस कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा. संघ ने सम्मान फाउंडेशन कंपनी की कार्यप्रणाली, वेतन भुगतान, ईपीएफ और ईएसआई में कथित अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की. संघ के अनुसार, राज्य में 150 से 170 एम्बुलेंस लंबे समय से खराब हैं, जिससे 600 से 680 कर्मचारी ड्यूटी से वंचित हैं. वहीं अगस्त से अक्टूबर 2026 तक का वेतन भी लंबित है. (नीचे भी पढ़ें)
संघ ने आरोप लगाया कि 25 मई को स्वास्थ्य विभाग द्वारा कंपनी का अनुबंध रद्द किए जाने के बावजूद उससे एम्बुलेंस सेवा का संचालन कराया जा रहा है. प्रतिनिधिमंडल ने बकाया वेतन भुगतान, प्रभावित कर्मचारियों को वैकल्पिक व्यवस्था के तहत काम देने और कंपनी की वित्तीय अनियमितताओं की जांच कराने की मांग की. मौके पर प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी, रविंद्र कुमार शर्मा, रमाशंकर प्रसाद, सुबोध कुमार यादव एवं विकास तिवारी उपस्थित थे. प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आपातकालीन सेवा देने वाले कर्मचारियों के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ संघ लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगा.















