जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र में बेटी से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आरोपित पिता को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. आरोपित बारीनगर का निवासी बताया गया है. उसके खिलाफ पीड़िता ने 21 नवंबर को टेल्को थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी. प्राथमिकी के अनुसार, पीड़िता ने आरोप लगाया है कि 21 नवंबर की शाम करीब 6:30 बजे उसके पिता ने उसके साथ दुष्कर्म किया शिकायत मिलने के बाद टेल्को थाना की पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. पीड़िता का परसुडीह स्थित सदर अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया. जांच के दौरान पुलिस ने आरोपित पिता को गिरफ्तार कर अदालत में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. इधर, जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब के नेतृत्व में अपराध नियंत्रण को लेकर ऑपरेशन जीरो टॉलरेंस के तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन अभियान चलाया गया. (नीचे भी पढ़ें)

अभियान के दौरान पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कुल सात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार अभियुक्तों में हत्या, मारपीट, महिला अपराध तथा मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़े आरोपित शामिल हैं. पुलिस ने आरोपितों के पास से अवैध रूप से रखी गई 24 पुड़िया ब्राउन शुगर, जिसका कुल वजन 2.57 ग्राम है, बरामद की. आरोपितों पर ब्राउन शुगर रखने और उसकी बिक्री करने का आरोप है. पुलिस ने सभी गिरफ्तार अभियुक्तों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस के अनुसार, अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.












