
प्रदीप कुमार बलमुचू. 
सुखदेव भगत.
रांची : झारखंड कांग्रेस में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप कुमार बलमुचू और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखदेव भगत की वापसी पर फिलहाल रोक लग गयी है. बीते विधानसभा चुनाव के दौरान प्रदीप कुमार बलमुचू और सुखदेव भगत ने कांग्रेस को छोड़ दी थी. श्री बलमुचू ने कांग्रेस को छोड़कर आजसू का दामन थाम लिया था और आजसू के टिकट पर वे घाटशिला (जमशेदपुर) से चुनाव लड़े थे. इसी तरह कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके सुखदेव भगत ने चुनाव के ठीक पहले भाजपा का दामन थाम लिया था और वे लोहरदगा से चुनाव लड़े थे. दोनों ही प्रदेश अध्यक्ष स्तर के नेता थे और दोनों ने चुनाव के वक्त जब उनकी सबसे ज्यादा जरूरत थी, तब कांग्रेस को छोड़कर चले गये थे. सुखदेव भगत को लोहरदगा से भाजपा ने टिकट भी दिया था, लेकिन वे भी चुनाव हार गये और प्रदीप कुमार बलमुचू भी चुनाव हार गये. इन दोनों ने चुनाव हारने के बाद आजसू और भाजपा में अपने आपको काफी किनारा महसूस करने लगे. पुराने कांग्रेसी होने के कारण वे लोग नयी पार्टियों में एडजस्ट नहीं हो रहे थे. लिहाजा, प्रदीप कुमार बलमुचू और सुखदेव भगत काफी लंबे समय से यह प्रयास कर रहे थे कि कांग्रेस में आ जाये, लेकिन यह नहीं हो सका. अब शनिवार को खुद कांग्रेस के झारखंड प्रभारी और पूर्व गृह राज्य मंत्री आरपीएन सिंह ने उनकी वापसी पर रोक लगा दी है. हालांकि, उनका वापसी को लेकर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सह मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव ने भी आपत्ति जतायी थी. आरपीएन सिंह ने साफ तौर पर कह दिया है कि किसी भी हाल में अभी तो प्रदीप कुमार बलमुचू और सुखदेव भगत की वापसी नहीं होगी.
















