
जमशेदपुर : जमशेदपुर में पुलिस जितनी अलर्ट है, उससे कहीं ज्यादा अपराधियों का भी मनोबल बढ़ता जा रहा है. शनिवार को एक घटना देर रात को गोलमुरी टुइलाडुंगरी बस्ती में घटी है. बताया जाता है कि गोलमुरी टुइलाडुंगरी निवासी आकाश सिंह नामक सिख युवक के साथ लोचन नामक युवक की मारपीट हो गयी थी. लोचन नामक युवक पर यह आरोप लगाया गया है कि वह अनैतिक काम में लगा हुआ था. इसका विरोध आकाश सिंह करता था, जिसके बाद 12 जून यानी शुक्रवार को दोनों के बीच मारपीट हो गयी थी. इसके बाद शनिवार की देर रात करीब 10 बजे लोचन अपने गैंग के लोगों के साथ उसके घर पर आया और गाली गलौज किया. इसके बाद जब लोग जुटने लगे तो सारे युवक हवाई फायरिंग करते हुए भाग निकले. आकाश सिंह और उसके सहयोगियों ने बताया है कि दो राउंड गोलियां अपराधियों ने चलायी है. इस घटना के बाद सिख समुदाय से जुड़े हुए लोग जुट गये है और अपराधियों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर हंगामा कर रहे है. पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है और अपराधियों को पकड़ने का प्रयास कर रही है. पुलिस ने घटनास्थल से दो गोलियों का खोखा भी बरामद किया है. पुलिस अपराधी को पकड़ने के लिए सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है. दूसरी ओर, जमशेदपुर के ही सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के एग्रिको क्रास रोड नंबर 9 निवासी सुदर्शन मुखी के पुत्र शिवा (26) पर 12 जून की देर रात करीब साढ़े ग्यारह बजे अपराधियों ने गोलियां चलायी और भाग निकले. गनीमत रही कि गोली शिवा को नहीं लगी. इस संबंध में एक एफआइआर सिदगोड़ा थाना में दर्ज किया गया है, जिसमें यह बताया गया है कि शइरा अपने घर के बाहर बैठा हुआ था. इसी दौरान अज्ञात मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो लड़के आये और उसके ऊपर गोलियां चला दी. गोली चलते ही शिवा भाग निकला. शिवा ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस पहुंचकर मामले की जांच की. पुलिस को शिवा ने सूचना दी है कि सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के एग्रिको पोस्ट ऑफिस के पास रहने वाला मनप्रीत ने ही इस कांड को अंजाम दिया होगा. पुलिस इस मामले की जांच कर रही है.













