
रांची : झारखंड के भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी बुधवार को रांची एयरपोर्ट से रांची के लिए रवाना हो गये. रांची एयरपोर्ट से वे नयी दिल्ली के लिए रवाना हुए है. पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी को झारखंड के भाजपा प्रभारी ओम माथुर ने दिल्ली तलब किया है जबकि उनकी मुलाकात देश के गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी संभावित है. वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मिल सकते है. हालांकि, प्रधानमंत्री से उनकी मुलाकात तय नहीं है. बताया जाता है कि बाबूलाल मरांडी को भाजपा ने विपक्ष का नेता नामित किया था, लेकिन मानसून सत्र में भी उनको विपक्ष के नेता के तौर पर मान्यता नहीं दी गयी, जिसके बाद यह मामला लटकता नजर आ रहा है और अब यह झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो के न्यायाधिकरण के फैसले पर आकर टिक गया है और यह मामला अनिश्चितकाल के लिए लटक सकता है. इसको देखते हुए अब भाजपा को क्या एक्शन लेना है, इसको लेकर चर्चा दिल्ली में होगी. वैसे भी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश सांसद के तौर पर अभी दिल्ली में ही है, जहां वे बाबूलाल मरांडी के साथ रहेंगे और दिल्ली में यह फैसला हो सकता है कि विपक्ष का नेता कौन होगा क्योंकि अब भाजपा चाहती है कि बाबूलाल मरांडी की जगह किसी और को विपक्ष का नेता बनाया जाये क्योंकि ज्यादा दिनों तक अगर विधानसभा न्यायाधिकरण में मामला लंबित रह जायेगा तो विपक्ष के नेता का पद भी खाली रहेगा, जिसके लिए नया नाम की घोषणा करना भाजपा की भी मजबूरी हो चुकी है. वैसे भी मानसून सत्र में भाजपा के विधायक बाबूलाल मरांडी के साथ झारखंड विकास मोर्चा में कभी बाबूलाल मरांडी के साथ रहे प्रदीप यादव और बंधु तिर्की को विधानसभा अध्यक्ष ने झारखंड विकास मोर्चा के विधायक के तौर पर ही संबोधित किया था. इस कारण यह मामला लटकने के कारण भाजपा इस मसले पर बैकफुट पर आकर हमलावर तरीके से हमला करना चाहती है ताकि सदन में नये विपक्ष का नेता बना दिया जाये. वैसे भाजपा एक और विकल्प आजमा सकती है कि दुमका और बेरमो में चुनाव होना है, जिस कारण वहां से बाबूलाल मरांडी को ही टिकट दे दिया जाये या फिर वहां से जीता कैसे जाये, इसको लेकर भी चर्चा हो सकती है. वैसे खुद बाबूलाल मरांडी ने रांची एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि विपक्ष के नेता के मसले पर अब विधानसभा अध्यक्ष को फैसला लेना है जबकि पार्टी का जो आदेश होगा, वह उनके लिए मान्य होगा. फिलहाल, भाजपा के लिए पशोपेश की स्थिति है और बाबूलाल मरांडी का दिल्ली दौरे पर सबकी निगाहें टिकी रहेगी.





