
रांची/देवघर : झारखंड भाजपा ने झामुमो-कांग्रेस-राजद के गठबंधन वाले हेमंत सोरेन की सरकार पर चौतरफा हमला बोला है. रांची में खुद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने मोर्चा संभाला. उनके साथ विपक्ष के नामित नेता बाबूलाल मरांडी भी थे. बाबूलाल मरांडी ने कहा कि लगातार लूट, छिनतई, हत्या जैसी घटनाएं हो रही है. झारखंड की हेमंत सरकार सिर्फ ट्रांस्फर पोस्टिंग के उद्योग में व्यस्त है. जनता पस्त है, सरकार बोली लगाकर तबादला उद्योग चला रही है. इस कारण लगातार अपराध बढ़ रहा है. इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि झारखंड में सरकार नाम की कोई चीज ही नहीं रही है. कानून का राज नहीं रहा है. यहां सरकार जनता के हितों के लिए नहीं बल्कि अपने हितों पर ध्यान दे रही है. निजी लाभ लेने में मुख्यमंत्री से लेकर सारे मंत्री लगे हुए है और अधिकारी भी अपनी मनमर्जी चला रहे है.

देवघर में रघुवर दास ने दुमका चुनाव का किया उलगुलान
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने शुक्रवार को देवघर के बाबाधाम मंदिर में पूजा की. बाबा मंदिर के पुरोहितों ने पूरे मंत्रोचार और विधि विधान के साथ अर्घा सिस्टम के माध्यम से दर्शन पूजा करायी. पूजा अर्चना के बाद रघुवर दास ने सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि बाबा बैद्यनाथ से हमने अपने लिए कुछ भी नहीं मांगा. राज्य को असुरी शक्तियों से मुक्ति मिले, इसके लिए बाबा भोले से कामना किया हूं. दो विधानसभा सीट बेरमो और दुमका उपचुनाव को लेकर भी कहा कि इस उपचुनाव में जनता जवाब देगी. उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार ने सिर्फ झूठे वादे कर जनता को गुमराह करने का काम किया है. बिहार चुनाव में भी प्रधानमंत्री के नेतृत्व में एनडीए की नीतीश सरकार की जीत तय है. रघुवर दास देवघर में कु्ष्ठ आश्रम कॉलोनी भी गये, जहां उनके साथ पूर्व मंत्री रणधीर सिंह भी मौजूद थे.














