
जमशेदपुर : दुमका और बेरमो का उपचुनाव वैसे तो दो सीटों के लिए झारखंड में उपचुनाव मात्र था, लेकिन इसका असर दूरगामी होने वाला था. इसको दस माह की हेमंत सोरेन की झामुमो-कांग्रेस-राजद का लिटमस टेस्ट यानी सरकार के कामकाज का असर बताया जा रहा था. लिटमस टेस्ट में हेमंत सोरेन पास हो गयी और कांग्रेस ने अपना बेरमो सीट और झामुमो ने अपना दुमका सीट बचा लिया. भाजपा को दोनों ही सीटों पर हार का मुंह देखना पड़ा, हालांकि, 2019 के विधानसभा चुनाव के मुकाबले 2020 के उपचुनाव में जीत का अंतर झामुमो और कांग्रेस का घटा है. लेकिन फिर भी रिजल्ट भाजपा के विपरित गयी. इस चुनाव में केंद्रीय नेतृत्व ने किसी भी नेता को प्रचार के लिए नहीं भेजा था और इसका सारा दारोमदार पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा में हाल ही में वापसी करने वाले बाबूलाल मरांडी और पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुवर दास पर सौंप दी गयी थी. वैसे चुनाव प्रचार के लिए दो से तीन दिनों के लिए केंद्रीय मंत्री और भाजपा के कद्दावर नेता अर्जुन मुंडा को भी प्रचार में उतारा गया था, लेकिन वह भी कोई असर नहीं छोड़ पाया. बाबूलाल मरांडी ने दुमका की कमान संभाल रखी थी तो रघुवर दास को बेरमो का प्रभार दिया गया था. वैसे रघुवर दास दुमका भी आते जाते रहे थे. रघुवर दास का एक वीडियो वायरल हो गया था, जिसके बाद वे बिहार चुनाव में भेज दिये गये थे, लेकिन फिर भी काफी मेहनत खुद रघुवर दास ने भी किया था. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सदस्य दीपक प्रकाश ने भी कड़ी मेहनत की थी, लेकिन नतीजा शिफर साबित हुआ. पहले 2019 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को करारी मात मिली, जब रघुवर दास की सरकार पूरे पांच साल पूर्ण बहुमत के साथ चली थी. इसके बाद उपचुनाव भी हुआ तो इसमें भी भाजपा को हार मिल गयी. ऐसे में क्या कोई करिश्माई नेता की जरूरत भाजपा को है या फिर अर्जुन मुंडा जैसे कद्दावर नेता को साइडलाइन करना और केंद्र में भेजकर एक ऐसे नेता को किनारा करने का ही यह असर है कि भाजपा कहीं खड़ी नहीं हो पा रही है. वैसे बाबूलाल मरांडी जैसे सरीखे नेता की वापसी को भी खुद सारे भाजपाइ पचा नहीं पा रहे है. वैसे भी बाबूलाल मरांडी को लाकर भाजपा को उम्मीद थी कि जनाधार बढ़ेगा, लेकिन उपचुनाव का रिजल्ट काफी उत्साहवर्धक नहीं है. ऐसे में अर्जुन मुंडा जैसे नेता को सिरे से साइड कर देने का भी विरोध भाजपा में ही होने लगा है.














