
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर कमेटी में विवाद गहराता नजर आ रहा है. इसको लेकर पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास की कमेटी के कदम को लेकर विरोध शुरू हो चुका है. सिदगोड़ा के सूर्य मंदिर कमिटी के संरक्षक चन्द्रगुप्त सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल जमशेदपुर के उपायुक्त सूरज कुमार से मिला. प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को एक पत्र सौंपकर विगत दिनों सिदगोड़ा स्थित राम मंदिर व सूर्य मंदिर में कुछ लोगों द्वारा छठ पूजा एवं दीपावली हेतु सरकार के द्वारा कोई गाइडलाइन नहीं आने के बावजूद जनता में भ्रम की स्थिति उत्पन्न करने के लिए छठ पूजा के लिए 400 कूपन बांटने तथा 4000 दीप जलाने का निर्णय के विषय में जानकारी दी. प्रतिनिधिमंडल ने पत्र के माध्यम से बताया कि 4 नवंबर, 2020 को जमशेदपुर पूर्वी के क्षेत्रीय विधायक सरयू राय द्वारा सूर्य मंदिर स्थित छठ घाट का भ्रमण कर जेएनएसी के पदाधिकारियों को उसकी साफ-सफाई करने का निर्देश दिया गया था.
विधायक के भ्रमण के बाद उन तत्वों द्वारा इस तरह का भ्रामक बयान देना विवाद को उत्पन्न करता है. सूर्य मंदिर कमिटी, सिदगोड़ा के संरक्षक ने उपायुक्त को बताया है कि अगर उन तत्वों के द्वारा बिना सरकार के दिशा निर्देश के कूपन बांटने एवं दीप जलाने का प्रयास किया गया तो सूर्य मंदिर कमिटी, सिदगोड़ा भी छठ वर्ती की मदद करने तथा दीप जलाने हेतु अपना कार्यक्रम सूर्य मंदिर परिसर में आयोजित करेगा. ऐसी अवस्था में अगर किसी तरह का विवाद उत्पन्न होता है तो इसकी जिम्मेवारी प्रशासन की होगी. प्रतिनिधिमंडल में रामनरायण शर्मा, अजय सिन्हा, संजीव आचार्य, चन्द्रशेखर सिंह शामिल थे.















