कोलकाता : पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हिंसा जारी है. गुरुवार को एक बार फिर से उत्पातियों ने मिलकर केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री और भाजपा के नेता वी मुरलीधरन के काफिले पर हमला कर दिया. केंद्रीय मंत्री उस वक्त पश्चिम मिदनापुर के पंचखुड़ी इलाके से होकर गुजर रहे थे कि अचानक से लाठी डंडा लेकर लोगों ने रोक दिया और उनकी गाड़ी पर हमला बोल दिया. इन लोगों ने गाड़ी के शीशे भी तोड़ दिये. इसका वीडियो मुरलीधरन ने खुद ट्विटर पर शेयर किया है और बताया है कि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के गुंडों ने उन पर हमला किया है. इस वीडियो में लाठी डंडा लेकर लोग हमला करते दिख रहे है. उनके साथ कई साथी कर्मचारी भी थे. आपको बता दें कि बंगाल में चुनाव बाद हिंसा में करीब 17 लोगों की मौत हो चुकी है. इस मौत में भाजपा के नेताऔर और कार्यकर्ता के साथ-साथ तृणमूल कांग्रेस के लोग भी शामिल है. दूसरी ओर, लगातार हो रहे हिंसा पर केंद्र सरकार ने राज्यपाल से रिपोर्ट तलब की है जबकि एक केंद्रीय टीम को नरेंद्र मोदी की सरकार ने भेज दी है. यह केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से भेजी गयी टीम है, जिसमें एडिशनल सेक्रेटरी लेवल के अधिकारी भी शामिल है. बताया जाता है कि केंद्र सरकार ने तीन दिन में दो बार राज्य सरकार से रिपोर्ट मांगी थी, लेकिन राज्य सरकार के अधिकारियों ने रिपोर्ट नहीं भेजी, जिसके बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय की चार सदस्यीय स्पेशल टीम कोलकाता भेजी गयी और यह टीम पहुंचकर अपना काम शुरू कर चुकी है.














