
जमशेदपुर : भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी पूर्वी सिंहभूम के लोकल काउंसिल सचिव कॉमरेड जयकांत सिंह का गुरुवार को आकसिम्क निधन हो गया. उनके निधन पर सीपीआई, एआईएसएफ समेत सभी वामदलों ने अपनी संवेदना प्रकट किया है. एआईएसएफ के जिला सचिव विक्रम कुमार ने बताया कि कॉमरेड जयकांत सिंह ने छात्र जीवन में बेगुसराय में एआईएसएफ से अपनी छात्र राजनीति शुरू की थी. उन्होने जमशेदपुर में आकर एक प्रिय शिक्षक के साथ-साथ शिक्षक संघ में भी अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया. शिक्षण कार्य से अवकाश ग्रहण करने के बाद सम्प्रति वे भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की जमशेदपुर लोकल काउंसिल के पांच साल से सचिव तथा सिंहभूम जिला परिषद की कार्यकारिणी के सदस्य थे. उन्होंने अपने जीवन काल में गोविंदपुर में जनता मध्य विद्यालय का निर्माण कराया. गोविंदपुर एवं शहर में अनेकों आंदोलन में मुख्य रूप से अपनी भूमिका निभाई. गोविंदपुर रेलवे हाल्ट के निर्माण में भी उन्होंने अहम भूमिका निभायी थी. उनके निधन से कोल्हान क्षेत्र में पार्टी को अपूरणीय क्षति हुई है.














