जमशेदपुर : झारखंड में बढ़ रहे कोरोना के मामलों को लेकर राज्य सरकार ने लॉकडाउन की घोषणा कर रखी है. फिर भी कुछ दुकानदार ऐसे भी है, जो चोरी छुपे दुकानदारी कर रहे है और कोरोना के साथ लापरवाही कर रहे है. गुरुवार को साकची पुलिस ने छापामारी कर साकची मेन रोड स्थित जायसवाल बाजार में दुकानदारी करते हुए लोगों को पुलिस ने पकड़ा. जायसवाल बाजार में आगे से दुकान को बंद कर पीछे से लोगों को घुसाकर दुकानदारी की जा रही थी. पुलिस जब छापेमारी करने दुकान पहुंची तो वहां काफी संख्या में महिला ग्राहक मौजूद थी. पुलिस को देखकर दुकान में मौजूद स्टाफ और ग्राहकों में अफरा-तफरी मच गई. ग्राहकों को पुलिस द्वारा चेतावनी देकर छोड़ दिया गया और दोनों ही बाजारों को सील कर दिया. इसके अलावा साकची बाजार में घुम रहे एक युवक को पुलिस ने धर दबोचा. उक्त युवक को पकड़कर पुलिस ने पहले तो खबर ली लेकिन बीच में ही वह चकमा देकर भागने लगा, जिसका पुलिस ने पीछा किया, जिसके बाद उक्त युवक को फिर से पुलिस ने पकड़ लिया और पीटकर थाना ले गयी. इस संबंध में थाना प्रभारी कुणाल ने बताया कि जांच के दौरान साकची बाजार स्थित दुकान जयसवाल बाजार को लॉक डाउन का उल्लंघन करते पाया गया है. दुकानदार के खिलाफ लॉक डाउन का उल्लंघन की प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.















