
रांची : झारखंड सरकार को गिराने के लिए विधायकों की खरीद फरोख्त करने के लिए कोल्हान के भी एक विधायक से संपर्क साधा गया था. यह खुलासा रांची पुलिस की पूछताछ में सामने आयी है. जो हवाला कारोबारी रांची में पकड़े गये है, उनसे घंटो हुई पूछताछ के बाद शनिवार को जेल भेज दिया गया. इन तीनों को 14 दिनों के न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. इस बीच पांच अन्य उनके साथियों के भी पकड़े जाने की जानकारी मिली है, जिसकी पुष्टि अब तक पुलिस ने नहीं की है. वैसे पुलिस ने विधायकों के साथ उनके टिकट का ब्योरा निकाल लिया है. कई विधायकों से संपर्क किये जाने की भी जानकारी मिली है. बरामद मोबाइल और कई दस्तावेजों का मिलान किया जा रहा है और पांच और लोगों से पूछताछ किया जा रहा है. बताया जाता है कि जिन दस विधायकों से संपर्क किया गया था, उसमें कोल्हान का भी एक विधायक थे, लेकिन इसका खुलासा पुलिस नहीं कर रही है और ना ही पुष्टि कर रही है. दूसरी ओर, झारखंड सरकार को गिराने की चल रही साजिश के बीच राज्य के सत्ता पक्ष की मुख्य पार्टी झामुमो ने हमला बोल दिया है. भाजपा पर निशाना साधते हुए झामुमो के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने संवाददाता सम्मेलन राजधानी रांची में किया और बताया कि स्थित सरकार को अस्थिर करने की भाजपा की साजिश कभी कामयाब नहीं हो सकती है. झारखंड की जनता बिकाउ नहीं है और ना ही झामुमो, कांग्रेस और राजद समेत अन्य सहयोगी दलों के विधायक ही बिकाउ है. यह सरकार पांच साल तक चलेगी. मुंगेरीलाल के हसीन सपने देखने वाली भाजपा को मुंह की खानी पड़ेगी. सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि कर्नाटक और मध्य प्रदेश मॉडल को झारखंड में भाजपा आजमाना चाहती है. राजस्थान में भाजपा की भद्द पिट गयी. उनका अगला टारगेट झारखंड ही था. उन्होंने सीपी सिंह को आड़े हाथो लिया और कहा कि राज्य के विधानसभा अध्यक्ष और मंत्री रह चुका भाजपा का एक विधायक कहता है कि अगर विधायक खरीदने आयेंगे तो कोई पकड़ नहीं पायेगा. उन्होंने कहा कि कितना पारंगत इस खेल में है, यह आप समझ सकते है. सुप्रियो भट्टाचार्य यहीं नहीं रुके. उन्होंने कहा कि भाजपा सांसद और प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने दुमका चुनाव में कहा था कि सरकार गिर जायेगी, वह भी इसी खेल की ओर इशारा था. मधुपुर चुनाव के वक्त गोड्डा के सांसद निशिकांत दुबे ने कहा था कि चुनाव के बाद भाजपा की सरकार बनेगी और बाबूलाल मरांडी जल्द मुख्यमंत्री बनेंगे. यह सब उसी साजिश की ओर इशारा कर रहे है. उन्होंने कहा कि जनता की चुनी गयी सरकार को अस्थिर करने के लिए भाजपा प्रयासरत है और सत्ता हासिल करना चाहती है. उन्होंने कहा कि सत्ता संघर्ष से हासिल हुआ है और संघर्ष की कीमत लगाना आसान नहीं है. पेगासस के बाद तो अब साफ हो गया है कि केंद्र सरकार इसी तरह का षड़यंत्र रच रही है. उन्होंने कहा कि पुलिस की जांच में साफ हो जायेगा. उन्होंने कहा कि पुलिस ही बेहतर बता पायेगी कि उनकी मंशा क्या थी.














