
हजारीबाग : झारखंड भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक हजारीबाग में हुई. इस बैठक में झारखंड के सारे बड़े नेता मंच पर एक साथ नजर आये. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद दीपक प्रकाश की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में भाजपा के झारखंड प्रभारी दिलीप सैकिया, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय रघुवर दास, भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री और विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी, केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी समेत तमाम बड़े नेता एक मंच पर नजर आये. इन नेताओं ने भाजपा के कार्यकर्ताओं में जबरदस्त जोश भरा. इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली झामुमो-कांग्रेस-राजद की गठबंधन वाली सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान कार्यकर्ताओं से किया. उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं को शपथ दिलायी कि वह राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष जारी रखेंगे और सरकार पर नकेल कसने के लिए निचले स्तर से ही आंदोलन को गति देंगे. दीपक प्रकाश ने कहा कि सत्ता से जब तक झामुमो-कांग्रेस को बाहर नहीं कर दिया जाता है, तब तक वे लोग चैन की नींद नहीं लेंगे. दीपक प्रकाश ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता होने के नाते उनका लक्ष्य हमेशा आगे बढ़ना ही होगा. (नीचे देखे पूरी खबर)

संघर्ष करना है, तब तक विराम नहीं लेना है, जब तक लक्ष्य नहीं प्राप्त कर लें. सारे लोग मिलकर रावण राज को झारखंड से खत्म करने का संकल्प ले और आगे बढ़े. इस दौरान अपने संबोधन में पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुवर दास ने कहा कि यह राज्य सरकार तो मधुकोड़ा की सरकार से भी भ्रष्ट है. जनता त्राहिमाम है, जनता के साथ किये गये वायदे को आज तक धरातल पर नहीं उतारा. सिर्फ भाजपा की सरकार के कार्यों को बंद करना और किस तरह माल उगाही करना है, उस पर ही काम चल रहा है. इन लोगों ने बताया कि 27 माह के कार्यकाल में 4153 लोगों की हत्या हो चुकी है जबकि 3741 बहनों के साथ दुष्कर्म किया जा रहा है. 766 नक्सली घटनाएं घटी है. राज्य की स्थिति काफी भयावह है. यह तय किया गया कि भाजपा मजबूत विपक्ष का रोल अदा करेगी. इसको लेकर हर स्तर पर विरोध किया जायेगा और सरकार का विरोध किया जायेगा. इस दौरान हेमंत सोरेन पर हमला करते हुए रघुवर दास ने कहा कि आदिवासियों के नाम पर आदिवासियों को ही छला है. तीन माह में सरकार के खिलाफ लगातार शहरी से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में भाजपा को और मजबूत करना है और सरकार की गलत नीतियों का हर स्तर पर विरोध किया जायेगा. इस दौरान आइएएस पूजा सिंघल के पास से बरामद नगद को बताया कि यह एक उदाहरण मात्र है. साहिबगंज के पहाड़ों को इन लोगों ने साफ कर दिया है. ऐसे कई भ्रष्टाचार की कहानियां है. केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की केंद्र सरकार लगातार लोगों की सुविधाओं के लिए काम कर रहे है. आने वाला दिन झारखंड में भाजपा का लाना है, जिसके लिए नरेंद्र मोदी की नीतियों को जनता तक पहुंचाना होगा. किस तरह झामुमो की सरकार काम कर रही है, इस पर भी सबको मिलकर काम करना होगा. उन्होंने कहा कि केंद्रीय योजनाओं को भी झारखंड की वर्तमान सरकार धरातल पर नहीं उतार रही है. इसको भी जनता तक पहुंचाने का काम कार्यकर्ता करें और झारखंड की हेमंत सरकार की कारगुजारियों को जनता तक पहुंचाने की जरूरत है.





