
रांची : झारखंड में चल रहे सियासी संकट के बीच झारखंड के सारे विधायक छत्तीसगढ़ के रायपुर स्थित रिसोर्ट में शिफ्ट हो चुके है. झारखंड के कांग्रेस से मंत्री बन्ना गुप्ता समेत अन्य लोग भी रांची से रायपुर गये है. झारखंड की राजधानी रांची में अभी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और झामाुमो की विधायक जोबा मांझी, चंपई सोरेन, मिथलेश ठाकुर, जगरनाथ महतो और हफीजुल अंसारी है, जो यहां रणनीति तय करेंगे. कांग्रेस के विधायक प्रदीप यादव, ममता देवी और झामुमो की सविता महतो स्वास्थ्य कारणों से नहीं जा पाये है. विधायक रामचंद्र सिंह की भाभी का निधन हो गया था, जिस कारण वे नहीं जा पाये है. मुख्यमंत्री के भाई बसंत सोरेन भी नहीं गये है. चाईबासा के विधायक दीपक बिरुआ पत्नी अस्पताल में होने के कराण नहीं गये है जबकि झामुमो के विधायक लोबिन हेम्ब्रम यह कहते हुए नहीं गये है कि राज्य में रहेंगे तो राज्य का भला करेंगे. उनको कोई खरीद नहीं सकता है. इस बीच राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी रायपुर रवाना हो रहे है. वे वहां चार्टर्ड विमान से रांची से रायपुर जायेंगे, जहां से वे तमाम मंत्रियों को साथ लेकर आयेंगे. 1 सितंबर गुरुवार की शाम 4 बजे वे कैबिनेट की मीटिंग करेंगे. बताया जाता है कि राज्यपाल और चुनाव आयोग का फैसला कभी भी आ सकता है, जिसको लेकर तैयारी की जा रही है. (नीचे देखे पूरी खबर)

विधायक लोबिन हेम्ब्रम ने बोला हमला, कहा-हम गुरुजी का चेला है, झारखंड क्यों छोड़ेंगे
झामुमो के विधायक और पुराने नेता लोबिन हेम्ब्रम ने रायपुर मेंह विधायकों को ले जाने का विरोध किया है. उन्होंने कहा कि झारखंड हमारा है. हेमंत सोरेन जरूर सरकार का कप्तान है, लेकिन उसके बाप ने तय किया है कि झारखंड कैसा रहेगा. झारखंड में ही मरना है, जीना है, इसके अलावा कहीं नहीं जाना है. मालूम नहीं दूसरे राज्य में क्यों ले जाया गया. अपना राज्य में कहां से असुरक्षा होगी. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के साथ उनका पूरा विश्वास है. एक परिपक्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन है,लेकिन बाहर भेजना किन परिस्थितियों में विधायकों को पड़ा, यह वे ही बता सकते है. लोबिन हेम्ब्रम ने कहा कि हम शिबू सोरेन के चेला हैं. झारखंड में ही रहेंगे. झामुमो में ही जीयेंगे और मरेंगे, सरकार को बचाने के लिए जो कुर्बानी देना पड़ा, वो देंगे. उन्होंने कहा कि जिसको बिकना है, वह बिकेगा ही. (नीचे देखे पूरी खबर)
छत्तीसगढ़ में भी राजनीति गर्मायी, भाजपा के पूर्व सीएम ने बोला हमला, मुख्यमंत्री बोले-भाजपा सत्ता के लिए कुछ भी कर सकती है
झारखंड के विधायकों को छत्तीसगढ़ के रायपुर में रखने का विरोध छत्तीसगढ़ में हो रहा है. छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता रमण सिंह ने कहा है कि छत्तीसगढ़ को गाली देने वाले लोगों को छत्तीसगढ़ में लाकर रखा गया है. छत्तीसगढ़ की जनता के पैसे को दारू मुर्गा में उड़ाया जाना गलत है. इसका वे लोग विरोध करते है. उन्होोंने ट्विट कर हमला बोला है. दूसरी ओर, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शिमला के लिए रवाना हो गये. झारखंड के विधायकों के छत्तीसगढ़ में ठहरने पर उन्होंने कहा कि झारखंड के विधायक आए हैं. भारतीय जनता पार्टी जिस तरह से हॉर्स ट्रेडिंग कर रही है. पश्चिम बंगाल में तीन विधायक पकड़े गए थे और अभी जिस प्रकार से चर्चा चल रही है, निर्वाचन आयोग ने कोई पत्र दिया है, और एक सप्ताह हो गया है राजभवन से लिफाफा खुल ही नहीं रहा है. इसका मतलब है कि भीतर खाने में कुछ पक रहा है. ऐसी स्थिति में विधायकों की सुरक्षा के लिए वो छत्तीसगढ़ में आए हैं, सभी विधायक यहां रिसॉर्ट में हैं, किसी को पेट में दर्द नहीं होना चाहिए.





