रांची : झारखंड में विधानसभा चुनाव की घोषणा कभी भी हो जायेगी. इसको लेकर भाजपा और झामुमो के अलावा कांग्रेस, राजद समेत तमाम राजनीतिक दलों के लोग तैयारी कर रहे है. इस बीच भाजपा अपने सहयोगी दलों के साथ सीट बंटवारा को लेकर लगातार बैठक कर रही है. दिल्ली में इसको लेकर मंत्रणा चल रही है. इस बीच भाजपा के सह चुनाव प्रभारी और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने साफ तौर पर घोषणा कर दी है कि भाजपा झारखंड में आजसू और जनता दल यूनाइटेड के साथ ही चुनाव लड़ेगी. इसको लेकर 99 फीसदी सीटें तय हो चुका है. बाकि बची सीटों पर भी सब कुछ तय हो जायेगा. पहले सीटों का बंटवारा हो जायेगा, जिसके बाद भाजपा अपने प्रत्याशियों की घोषणा करेगी. हिमंता बिस्वा सरमा ने बताया है कि पितृपक्ष खत्म होते ही इसकी भी अधिकारिक घोषणा कर दी जायेगी. उन्होंने यह साफ नहीं किया कि कहां कौन पार्टी चुनाव लड़ेगी. वैसे सूत्र बता रहे है कि जमशेदपुर पूर्वी और तमाड़ की सीट जनता दल यूनाइटेड (जदयू) को दिया जायेगा. जमशेदपुर पूर्वी से सरयू राय जनता दल यूनाइटेड के प्रत्याशी हो सकते है जबकि तमाड़ से पूर्व विधायक राजा पीटर को जनता दल यूनाइटेड चुनाव लड़ा सकती है. (नीचे भी पढ़ें)
दो अक्तूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रांची में सभा होने वाली है. जाहिर सी बात है कि उससे पहले सारा कुछ तय हो जायेगा. बताया जाता है कि उसी स्टेज से भाजपा अपने गठबंधन को मजबूती से दिखाना चाहेगी. राजा पीटर तमाड़ से एक बार के विधायक है और 2009 में उन्होंने मुख्यमंत्री रहते हुए गुरुजी शिबू सोरेन को चुनाव हरा दिया था, जिसके बाद सरकार गिर गयी थी. इसके बाद 2014 के विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया. लेकिन उनको टिकट नहीं मिला. इसके बाद वे निर्दलीय चुनाव लड़े और हार गये. इसके बाद एनआइए ने उनको नक्सलियों के साथ साठगांठ के मामले में गिरफ्तार किया. करीब 6 साल से भी अधिक समय तक जेल में रहने के बाद राजा पीटर फिर से राजनीति में सक्रिय है. भाजपा ने फिर से उनकी पार्टी में वापसी कराने से इनकार कर दिया कि उन पर गंभीर आरोप है, लेकिन राजा पीटर गठबंधन दल के माध्यम से टिकट पाने के लिए सबसे आगे दिख रहे है. फिलहाल, टिकटों को लेकर बातचीत बाद में होगी, लेकिन अभी सीट बंटवारा पर बातें हो रही है.







