जमशेदपुर : जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने को लेकर चल रहे हैं कयास के बीच गोड्डा के सांसद निशिकांत दुबे का एक ट्वीट आया है जिसे एक नई हलचल पैदा कर दी है. निशिकांत दुबे ने अपने ट्वीट में साफ कर दिया है कि रघुवर दास ओडिशा के राज्यपाल बने रहेंगे. निशिकांत ने लिखा है “भाजपा में कोई कन्फ़्यूजन नहीं है,केन्द्रीय नेतृत्व ने रघुवर दास को ओडिशा का राज्यपाल बनाया है. पहली बार ओडिशा में अपने दम पर हमारी (भाजपा की) सरकार है. रघुवर दास को झारखंड सरकार के मंत्री, मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष रहने के कारण बहुत अनुभव है इसलिए नई सरकार को ओडिशा में वे मार्ग दर्शन देते रहेंगे. श्री निशिकांत ने कहा है कि जहां तक सरयू राय का सवाल है, अब वो जनता दल यूनाइटेड में हैं, दोनों पार्टी का नेतृत्व गठबंधन के तहत जो भी निर्णय लेगा वही अंतिम होगा. (नीचे भी पढ़ें)
इस तरह का कयास हेमंत सोरेन की सरकार के भ्रष्टाचार से ध्यान हटाने की कोशिश है. निशिकांत दुबे के ट्वीट को अगर सही माना जाए तो रघुवर दास जमशेदपुर पूर्वी से चुनाव नहीं लड़ेंगे यह तय है. सरयू राय चुनाव लड़ेंगे या नहीं इसको लेकर उन्होंने साफ नहीं किया है वैसे भी यह गठबंधन का मामला है. 2 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झारखंड के दौरे पर आने वाले हैं. हजारीबाग का दौरा समाप्त होने के बाद पितृपक्ष भी समाप्त हो जाएगा और नवरात्र के बीच सीट बंटवारे की घोषणा कर दी जाएगी. इसके बाद यह तय होगा कि कौन कहां से चुनाव लड़ेगा.






