रांची : विज्ञान एवं प्रबंधन संस्थान (आईएसएम) पुन्दाग, रांची के सभागार में शनिवार को “व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में प्रबंधकीय नेतृत्व” विषय पर व्याख्यान का आयोजन किया गया. इसमें वक्ता के रूप में बेंगलुरु स्थित मेसर्स एक्सीलेटर की वाइस प्रेसिडेंट केएस बिंदु मालिनी ने कहा कि छात्र-छात्राओं को रोजगार में आने के क्रम में अपने व्यक्तित्व में निरंतर नेतृत्व क्षमता विकसित करने की आवश्यकता है. चूंकि हर व्यवसाय का अपना-अपना एथिक्स और प्रकृति होती है. अतः उसी के अनुरूप जोखिम उठाने और समस्याओं को हल करने का कौशल होना चाहिए. इसके लिए जरूरी है कि विद्यार्थिगण अपने व्यक्तिगत उद्देश्य एवं कॉर्पोरेट उद्देश्य के बीच एक सामंजस्य स्थापित करें. कृतज्ञता, सहमति बनाना, सहयोग करना, सम्मान करना, जैसे गुणों को विकसित करने की आवश्यकता पड़ती है, ताकि कार्य संस्कृति सकारात्मक एवं रचनात्मक बन सके. संस्थान के निदेशक डॉ गंगा प्रसाद सिंह ने बताया कि संस्थान के सभी विद्यार्थियो में प्रबंधकीय क्षमता विकसित की जाती है. फलतः आज यहां के छात्र- छात्राए कॉर्पोरेट दुनिया में उच्च पदों पर आसीन हैं और बिजनेस को नई दिशा दे रहे हैं. संयुक्त सचिव सह प्रोफेसर इंचार्ज डॉ सुशील कुमार ने बताया कि संस्थान द्वारा संचालित पाठ्यक्रम में उद्यमिता विकास की पढ़ाई विशेष रूप से कराई जाती है और विदार्थियो में प्रोफेशनल उद्यमिता के गुणों को विकसित किया जाता है. इससे पूर्व आरंभ में सहायक प्राध्यापक सुजीत कुमार ने स्वागत भाषण किया तथा पीजीडीएम के छात्र निशांत कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया. कार्यक्रम में सभी प्राध्यापक, स्टाफ और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे.














