
जमशेदपुर : जमशेदपुर में नववर्ष पर हिंदु उत्सव समिति की ओर से निकाली जाने वाली नववर्ष यात्रा को स्थगित कर दिया गया है. 24 मार्च को यह नववर्ष यात्रा कदमा से लेकर साकची आमबगान तक निकलने वाली थी. सोमवार को एक बैठक के बाद आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने इस पर फैसला लिया कि चूंकि कोरोना वायरस एक महामारी का रुप ले चुका है और इसको लेकर खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील आ चुकी है कि कोई भी बड़ा आयोजन नहीं किया जाये या कहीं भी समूह में भीड़ नहीं हो, ऐसे में हम लोग खुद से फैसला ले चुके है कि यह नववर्ष यात्रा इस बार नहीं निकाला जायेगा. यह जानकारी उत्सव समिति के पदाधिकारियों ने जमशेदपुर में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में दी.
अलबत्ता हिंदु उत्सव समिति की ओर से इसको लेकर लोगों के बीच जन जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा और लोगों को बताया जायेगा कि किस तरह कोरोना वायरस से बचा जा सकता है. इसको लेकर लोगों को सतर्क किया जायेगा. इसके अलावा 24 मार्च जिस दिन हिंदू नववर्ष है, इसको लेकर एक सांकेतिक कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा.
तिरंगा यात्रा समेत कई कार्यक्रम भी रद्द किये गये
जमशेदपुर में 23 मार्च को शहीद दिवस के मौके पर हर साल निकलने वाला तिरंगा यात्रा को भी स्थगित कर दिया गया है. इस साल उसकी जगह सिर्फ श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा. तिरंगा यात्रा के संस्थापक अमरप्रीत सिंह काले ने खुद इसकी घोषणा कर दी है, जिसके बाद इसकी तैयारियों को रोक दिया गया है. वैसे इसको लेकर काफी दिनों से तैयारी चल रही थी.














