
रांची : झारखंड सरकार कोरोना वायरस को लेकर जीरो टोलरेंस पर काम कर रहा है. इसके तहत झारखंड सरकार ने पहले तो 14 अप्रैल तक सारे मॉल, स्कूल, कॉलेज समेत तमाम शिक्षण संस्थानों को बंद करा दिया है. वहीं सारे कार्यक्रम को ही स्थगित कर दिया है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्वास्थ्य विभाग के सचिव डॉ नितिन मदन कुलकर्णी और मुख्य सचिव डॉ डीके तिवारी के साथ संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए बताया कि जिस तरह कोरोना वायरस देश के विभिन्न राज्यों में फैल रहा है, उसको देखते हुए राज्य सरकार पूरी तरह से सतर्क है. हालांकि वायरस से संक्रमित व्यक्ति की पहचान अब तक झारखंड में नहीं हुई है. बावजूद इसके हमने वायरस से लड़ने की तैयारी कर रखी है. मेरा मानना है कोरोना वायरस से बचाव के लिए एहतियात बरतना जरूरी है. राज्य के सभी लोग सरकार के इस अभियान में अपनी सहभागिता निभाएं. कोरोना वायरस को देखते हुए राज्य सरकार ने पूर्व में ही सरकार आपके द्वार कार्यक्रम को स्थगित किया है. अब राज्य के सभी स्कूल, कॉलेज और शिक्षण संस्थानों को 14 अप्रैल तक बंद करने का आदेश जारी कर रही है. निजी संस्थानों को भी बंद करने का आदेश सरकार जल्द देगी. इस क्रम में यह भी आदेश निर्गत किया जाएगा कि उन संस्थानों में कार्यरत लोगों के वेतन में प्रबंधन कटौती न करे. सार्वजनिक स्थल जैसे जिम, स्विमिंग पुल, पार्क, जू आदि भी 14 अप्रैल तक बंद रहेंगे. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पूर्व निर्धारित परीक्षाएं एवं परीक्षा के मूल्यांकन कार्य यथावत जारी रहेंगे. इस क्रम में साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था शिक्षण संस्थानों द्वारा की जाए.
200 करोड़ की राशि का किया उपबंध, 300 चिकित्सकों की टीम है तैयार
मुख्यमंत्री ने बताया कि अगर कोरोना वायरस से कोई संक्रमित होता है, तो पैसे के आभाव में उसका इलाज प्रभावित न हो. इस निमित 200 करोड़ की राशि का उपबंध सरकार ने किया है. संक्रमण से लड़ने के लिए जरूरी संसाधन जुटाया जा रहा है. इस महामारी के इलाज हेतु जमशेदपुर में लैब की स्थापना हो चुकी है. जल्द रांची समेत पांचों प्रमंडल में लैब की स्थापना होगी. 300 चिकित्सकों और पारा मेडिकल स्टाफ को प्रशिक्षण दिया गया है. 20 मार्च तक जिला स्तर के अस्पताल में भी संसाधन उपलब्ध करा दिया जाएगा.
जरूरत पड़ी तो विधानसभा की कार्यवाही भी स्थगित होगी
ख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा में सदन का कार्य पूर्व की तरह होगा. विधानसभा आने वाले आगंतुकों को फिलहाल विधानसभा आने पर रोक लगाई गई है. सदन के अंदर सुरक्षात्मक उपाय किये जायेंगे. जरूरत पड़ी तो विधानसभा की कार्यवाही स्थगित भी की जा सकती है.
सभी धर्म के लोग सहयोग करें
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह संक्रमण एक दूसरे के संपर्क में आने से अधिक फैलता है. कुछ ही दिनों बाद सरहुल, रामनवमी जैसे पर्व आने वाले हैं. ऐसे में विभिन्न धर्म के ट्रस्ट स्वविवेक से निर्णय लेते हुए किसी भी तरह का आयोजन करें. आप सभी का सहयोग हमें कोरोना से लड़ने में सहायता प्रदान करेगा.
सभी जिलों में आइसोलेशन वार्ड तैयार किया गया है
मुख्य सचिव डॉ डीके तिवारी ने बताया कि कोरोना के संक्रमण से निपटने के लिए सभी जिलों में आइसोलेशन वार्ड तैयार किया गया है. अलग से ओपीडी की व्यवस्था की गई है. राज्य के चिकित्सकों को यह अधिकार दिया गया है कि वे वायरस के संक्रमण के संदेह पर उस व्यक्ति की जांच जबरन कर सकें. इस कार्य में सहयोग नहीं करने की स्थिति में संबंधित व्यक्ति पर प्राथमिकी भी दर्ज की जा सकती है. जहां तक मास्क समेत अन्य वस्तुओं की कालाबाजारी की बात है तो मामलों के संज्ञान में आने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई सुनिश्चित होगी. भारत सरकार से प्राप्त आकंड़ों के अनुसार 488 लोग विभिन्न देशों से झारखण्ड आएं हैं, सभी की जांच सुनिश्चित की जा रही है. जांच में अबतक संक्रमण नहीं पाया गया है.
जुबिली पार्क और सभी पार्कों को किया गया बंद
दूसरी ओर, कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए राज्य सरकार की ओर से सभी सार्वजनिक स्थानों के बंद करने के निर्देश के आलोक में जमशेदपुर में नागरिक सुविधा उपलब्ध कराने वाली जुस्को कंपनी की ओर से जुबिली पार्क, नीलडीह और कदमा के भाटिया पार्क को बंद करने का निर्णय लिया है. इस संबंध में कंपनी की प्रवक्ता सुकन्या दास की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि 16 मार्च से 14 अप्रैल तक पार्क पूरी तरह बंद रहेगा. जुबिली पार्क के अंदर स्थित चिड़ियाघर, लेजर फाउंटेन, निक्को पार्क भी इस दौरान बंद रहेगा. हर दिन सुबह शाम 5 हजार से अधिक लोग यहां मॉर्निंग व इवनिंग वाक करने आते हैं, इस पर भी रोक रहेगी. कंपनी की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि लोगों की सुरक्षा पहली प्राथमिकता है और इसी आलोक में यह निर्णय लिया गया है.
स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने जताया सीएम का आभार
इधर, स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कोरोना मामले को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का आभार व्यक्त किया है. स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर एहतियातन तौर पर स्कूल, कॉलेज समेत अन्य भीड़ वाले जगहों पर ऐहतिहात के तौर पर बन्द करने समेत अन्य मांगों को पूरा कर हेमंत सोरेन ने संवेदनशीलता का परिचय दिया है. उन्होंने कहा कि सीएम के नेतृत्व में टीम झारखंड इस आपदा से मजबूती से लड़ेगी. उन्होंने लोगों से सहयोग करने और सावधानी बरतने की अपील की हैं.

कोरोना वायरस से बचाव के लिए माधुरी के दिवाने पप्पू के साथ जेएनएसी ने चलाया जागरूकता अभियान
सोमवार को जमशेदपुर के साकची स्थित जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) कार्यालय के पास नोवल कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के लिए लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य जागरूकता अभियान चलाया गया. जमशेदपुर अक्षेस द्धारा आयोजित जागरूकता अभियान कार्यक्रम का संचालन सिटी मैनेजर रवि ने किया. जेएनएसी के सौरभ ने आम जनता से हर संभव सहयोग करने की अपील की. मौके पर सिने तारिका माधुरी दीक्षित के फैन पप्पू सरदार (ब्रांड एम्बेसडर) ने कहा कि कोरोना वायरस संक्रमण का खौफ ऐसा हैं कि शहर में बड़े-बड़े कार्यक्रम स्थगित हो गए. इससे डरने की जरूरत नहीं, सावधनी बरतने की जरूरत हैं. उन्होंने लोगो से विशेष रूप से साफ सफाई पर ध्यान देने की अपील की. उन्होंने मास्क का वितरण किया साथ ही कोरोना से बचने के घरेलू नुस्खे भी बताए. बचाव से संबंधित संदेश लिखे पर्चा भी बांटा. साथ ही सैनिटाइजर से उपस्थित लोगों का हाथ भी साफ करवाया.

कोरोना के खिलाफ जंग तेज़, नथिंग विदआउट नेचर की पहल, सही खान पान और घरेलू नुस्खे से कोरोना को हराने की बता रहे उपाय
प्रकृति सर्वोपरि के सिद्धांत पर चलने वाली संस्था नथिंग विदआउट नेचर ने कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने के लिए लोगो को जागरूक करने का काम शुरू किया है. इसके तहत संस्था के लोगो ने घर घर जा कर मास्क का वितरण किया साथ ही कोरोना से बचने के घरेलू नुस्खे भी बताए. उन्होंने पर्चियां भी बांटी जिसमे किन सब्ज़ियों का सेवन और किस तरह के खान पान से शरीर के प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत कर कोरोना के वायरल संक्रमण से बचा जा सके इसकी जानकारी दी. पालक, बादाम, पपीता और ग्रीन टी का सेवन करने और ठंडी चीज़े जैसे की कोल्ड ड्रिंक या आइस क्रीम से दूर रहने की सलाह दी गयी. संस्थापक तनवीर अहसन ने बताया कि कोरोना राष्ट्रीय आपदा घोषित हो चुकी है और इसके साथ ही कई तरह की अफवाह फैल गयी है की चिकन या अन्य विशेष तरह के खान पान से कोरोना संक्रमण फ़ैल रहा है जो स्वाभाविक तौर पर भ्रमित करने वाला है, इसलिए संस्था ने आज लोगो के घर जा कर उन्हें सही जानकारी दी तथा उन्हें हर ज़रूरी बात बताई जिससे कोरोना संक्रमण को रोका जा सकता है. इस अभियान में फातिमा शाहीन, आसिफ, शुभम, सना आदि की अहम भूमिका रही.

हिंदू उत्सव समिति रामबाबू गुट ने भी टाला हिंदु नववर्ष यात्रा, चलायेंगे जागरूकता अभियान
जमशेदपुर के मानगो डिमना एमजीएम मैदान में हिंदू उत्सव समिति (रामबाबू तिवारी व मृत्युंजय कुमार गुट) द्वारा त्वरित बैठक बुलाई गई. इसमें हिंदू उत्सव समिति के संस्थापक मृत्युंजय जी ने कहा कि हिन्दू समाज का वसुधैव कुटुम्बकम की भावना में विश्वास करता है. पूरे मानव समाज के कल्याण एवं दिशा देने का चिंतन हिन्दू समाज ही करता रहा है. अतः आपदा एवं विपत्ति के समय मे भी हमे विश्व कल्याण हेतु आगे बढ़कर यथासम्भव प्रयास करने की आवश्यकता है. कोरोना महामारी के कारण संपूर्ण विश्व तथा भारतवर्ष के लोगों का दिनचर्या अस्त-व्यस्त हो गई है. इस महामारी को देखते हुए विश्व के सारे मठ मंदिरो में भी प्रवेश वर्जित कर दिए गए. बहुत सारे हिन्दू संगठनों ने भी अपनी बैठके तथा कार्यक्रम स्थगित कर दिए. केंद्र सरकार ने कोरोनावायरस को राष्ट्रीय आपदा घोषित कर दी है तथा भारत के प्रधानमंत्री ने सभी सार्वजनिक कार्यक्रम रद्द कर दिए.

आइएमए के संयुक्त सचिव हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ संतोष गुप्ता ने कोरोना के संबंध में विस्तार से महामारी के बचाव एवं उपचार के बारे में विस्तृत जानकारी दी. इन सारे विषयों को देखते हुए हिंदू उत्सव समिति द्वारा आयोजित हिंदू नव वर्ष कार्यक्रम के रूपरेखा में परिवर्तन किया गया है. हिन्दू उत्सव समिति के अध्यक्ष रामबाबू तिवारी ने जमशेदपुर के डिमना से आह्वान किया कि राष्ट्रहित एवं समाज हित को ध्यान में रखते हुए यात्रा का आयोजन ना कर सभी हिन्दू युवा घर-घर जाकर हिन्दू नववर्ष और कोरोनावायरस से बचाव के बारे में लोगो को जागरूक करेंगे तथा घर-घर भगवा छाएगा नारे के तर्ज पर संपूर्ण लौहनगरी के सभी बस्ती तथा कोल्हान के गांव-गांव जाकर घरों में भगवा ध्वज लहराएंगे. हिन्दू उत्सव समिति के कार्यकारी अध्यक्ष जितेंद्र सिंह रावत ने कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी नगर सज्जा की तैयारी जोर शोर से की जाएगी. हिन्दू नववर्ष के उपलक्ष्य पर सभी सड़के तथा चौक चौराहे वैदिक मंत्रोच्चारण के उपरांत भगवामय किये जायेंगे. महामंत्री नवेन्दु पांडेय ने कहा की नव वर्ष की जागरूकता जिस प्रकार सोशल मीडिया पर की जाती रही है उसी प्रकार कोरोना वायरस की जागरूकता की जाएगी जिसका लाभ समस्त मानव समाज को मिलेगा. बैठक में हिन्दू उत्सव समिति के राहुल कुमार, मनोज बाजपेयी, नितेश मित्तल, राकेश साहू, महेश सिंह, छोटू सिंह, सूरज जी, मृत्युंजय सिंह, मनीष सिंह, सरबजीत तिवारी, दीपक भदानी, प्रदीप मुखर्जी, मुकेश सिंह, सुमित श्रीवास्तव, बिकास सिंह, राहुल जी, अजय वर्मा, सागर ओझा, रवि जम्बूद्वीप, अमित सनातनी, रोहन श्रीवास्तव, चंदन सिंह, जयंत मिश्रा, राजेश जी, दीपक गुप्ता, नीरज राष्ट्रवादी तथा अन्य उपस्थित थे.















