
चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिला के नोवामुंडी प्रखण्ड क्षेत्र के पोखरपी निवासी सुरेंद्र लागुरी नामक एक 24 वर्षीय अविवाहित युवक की मंगलवार दोपहर को मौत हो गई। युवक की मौत जगन्नाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में करीब दो बजे हुई। युवक पश्चिम बंगाल के खड़गपुर में मिस्त्री का काम करता था। फरवरी के प्रथम सप्ताह में वो अपने गांव लौटा था। ग्रामीणों के अनुसार सोमवार को वह अपने गांव में सामान्य स्थिति में था और दिन भर काम काज भी किया। अचानक रात करीब ग्यारह बजे उसकी तबियत बिगड़ गई। उसे सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। परिजन मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे उसे जगन्नाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाये। यहां चिकित्सकों ने स्वास्थ्य जांच कर उसे आपातकालीन कक्ष में भर्ती कर उपचार करना शुरु किया। युवक को अॉक्सीजन भी चढ़ाया गया। इसी दरम्यान करीब आधा घंटा बाद युवक की मौत हो गई। इधर, घटना की सूचना एक ग्रामीण ने जिला उपायुक्त को भी दूरभाष पर दे दी है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हुआ और जगन्नाथपुर के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी से संपर्क कर वस्तु स्थिति का पता किया। जगन्नाथपुर के प्रभारी चिकित्सक डॉ. दीपक कुमार ने बताया कि मृतक का ब्लड और लार का सैंपल जगन्नाथपुर स्वास्थ्य केंद्र से सदर अस्पताल चाईबासा व चाईबासा से एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर जांच के लिए भेज दिया गया है।
पश्चिमी सिंहभूम की सिविल सर्जन डॉ. मंजू दुबे ने बताया कि युवक के परिजनों से यह जानकारी मिली है कि उसके गले में चूड़ी का टुकड़ा धंस गया था। इससे पस पड़ गया था और गला भी सूज गया था। इसी वजह से उसे सांस लेने में तकलीफ हुई और मंगलवार की दोपहर उसकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मौत हो गयी। हालांकि हम लोगों ने उसके रक्त व लार का सैंपल मंगाकर जांच के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया है।















