
चाईबासा : जिले के नक्सल प्रभावित जेटेया थाना क्षेत्र अंतर्गत दुधविला पंचायत के बहदा गांव में बांस को लेकर दो चचेरे भाई दामोदर तिरिया व रोबड़ो तिरिया के बीच विवाद हुई। इस कारण रोबड़ो तिरिया ने अपने ही चचेरे भाई की दावली से गर्दन काट कर हत्या कर दी। इस सबंध में मृतक की पत्नी शुरू कुई तिरिया के लिखित शिकायत पर रोबड़ो तिरिया को नामजद अभियुक्त बनाते हुए मामला दर्ज करया गया है। वहीं जेटेया पुलिस ने 25 वर्षीय मृतक दामोदर तिरिया का शव शुक्रवार को घटनास्थल से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार जेटेया थाना क्षेत्र के बाहदा गांव के रोबरोसाई टोला निवासी मृतक दामोदर तिरिया व रोबड़ो तिरिया के बीच बांस काटने को लेकर आये दिन झगड़ा हुआ करता था। गुरूवार को मृतक की पत्नी अपने ही गांव में बन रहे मकान में कार्य करने के लिए गई हुई थी। इधर इसी बांस के गाछ को लेकर दोनों भाई आपस में भिड़ गये। दोनों के बीच मामला इतना बढ़ गया कि एक दूसरे को काटने की नौबत आ गई।
गांव के लोगों ने बताया कि दोनों ने हड़िया-राशी भी पी। इसके बाद रोबड़ो तिरिया अपने घर से दावली लेकर आया और सीधे दामोदर तिरिया की गर्दन पर वार कर दिया। इससे घटनास्थल पर ही दामोदर तिरिया मौत हो गई। घटना की सूचना गांव के ग्रामीण मुण्डा द्वारा पुलिस को दी गई, तब शुक्रवार को पुलिस घटनास्थल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल भेजा।
इस सबंध में जेटेया थाना प्रभारी वासुदेव टोप्पो ने बताया की मृतक की पत्नी के बयान पर मृतक का चचेरे भाई के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है। हत्यारे की गिरफ्तारी के लिए छापामारी अभियान चलाया जा रहा है। वहीं यह भी बताया गया कि सार्वजनिक बांस को लेकर आये दिन दोनो भाइयों के बीच आपस में विवाद हुआ करता था। यह घटना इसी का परिणाम है। जेटेया थाना प्रभारी वासुदेव टोप्पो के द्वारा मृतक की पत्नी को 50 किलो चावल, पांच किलो दाल आदि दिया गया।





