जमशेदपुर : 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर झारखंड आर्म्ड पुलिस-6 (जैप-6) परिसर में शनिवार को भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, जवानों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया और स्वस्थ, अनुशासित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया. कार्यक्रम की शुरुआत प्रशिक्षित योग गुरुओं के निर्देशन में विभिन्न योगासनों, प्राणायाम और ध्यान सत्र के साथ हुई. प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ योगाभ्यास किया. इस दौरान शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और तनावमुक्त जीवन के महत्व पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया। योग प्रशिक्षकों ने नियमित योगाभ्यास के लाभों की जानकारी देते हुए इसे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज विश्वभर में सम्मान और स्वीकृति प्राप्त है. योग शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। नियमित योग करने से न केवल शारीरिक क्षमता बढ़ती है, बल्कि मानसिक तनाव भी कम होता है और कार्यक्षमता में वृद्धि होती है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि पुलिस बल के जवानों को ड्यूटी के दौरान कई चुनौतीपूर्ण और तनावपूर्ण परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है. ऐसे में योग उन्हें मानसिक रूप से मजबूत और शारीरिक रूप से फिट बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. कार्यक्रम के समापन पर सभी अधिकारियों एवं जवानों ने नियमित योगाभ्यास करने तथा स्वस्थ भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया.






