
चाईबासा : कोरोना वायरस से बचाव को लेकर जहां देश में लगे लॉकडाउन और जिला प्रशासन द्वारा लोगों से अपील की जाती रही कि घर में रहें सुरक्षित रहें. इसके बाबजूद लोग सड़को पर घुमते नजर आते थे, लेकिन प्रकृति द्वारा लगे लॉकडाउन से आज सड़को पर इक्का-दुक्का आदमी ही नजर आये. बीती रात से हो रही लगातार बारिश के कारण पश्चिम सिंहभूम जिले के सारंडा क्षेत्र में कश्मीर की तरह ठंढ बढ़ गई तो कही सड़कें सुनसान रही.

देर रात हुई बारिश के बाद पश्चिम सिंहभूम में ठंड भी बढ़ गया. आसमान में काले बादल मंडरा रहे थे और बारिश का मौसम बना हुआ था. जिले के किरीबुरू में तो मौसम ने करवट बदली तो कोहरा का साम्राज्य स्थापित हो गया. यहाँ कोहरा और बारिश से विजिबिलिटी बिलकुल कम हो गयी है. गर्मी के बाद अचानक यहाँ का तापमान 12 डिग्री सेल्सियस नीचे आ गिरा है. लोग किरीबुरू में ठण्ड से कांप रहे हैं. लॉकडाउन के कारण लोग घरों में पहले से ही दुबके हुए थे. अब मौसम के इस बदले मिजाज के कारण ठण्ड से लोगों की हालत खराब है. अप्रैल की भीषण गर्मी में किरीबुरू के लोग कश्मीर का मज़ा ले रहे हैं. सारंडा के सात सौ पहाड़ियों से घिरे इस क्षेत्र में मौसम का नजारा ही देखने लायक है. मेघ गर्जन और बारिश लगातार हो रही है.















