जमशेदपुर : डिमना चौक स्थित एमजीएम अस्पताल में व्हील चेयर की कमी के बीच होमगार्ड जवानों ने सोमवार को विशेष अभियान चलाकर 10 व्हील चेयर को कब्जे से मुक्त कराया. अस्पताल के विभिन्न वार्डों में परिजनों ने इन व्हील चेयर को अपने मरीजों के बेड से बांधकर रखा था. इसके कारण दूसरे जरूरतमंद मरीजों को व्हील चेयर उपलब्ध नहीं हो पा रही थी. अभियान के दौरान होमगार्ड जवानों ने अलग-अलग वार्डों का निरीक्षण किया और बेड से बांधकर रखी गई 10 व्हील चेयर को खुलवाकर अपने कब्जे में लिया. बाद में सभी चेयर को अस्पताल के पूछताछ केंद्र में जमा करा दिया गया, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को उपलब्ध कराया जा सके. (नीचे भी पढ़ें)
होमगार्ड प्रभारी कृष्णा सिंह ने बताया कि कुछ मरीजों के परिजन व्हील चेयर मिलने के बाद उसे कई दिनों तक अपने पास ही रख लेते थे. यहां तक कि चेयर को बेड से बांध दिया जाता था. इससे अस्पताल में व्हील चेयर की कृत्रिम किल्लत पैदा हो रही थी. अभियान का उद्देश्य सभी मरीजों को जरूरत के अनुसार यह सुविधा उपलब्ध कराना है. (नीचे भी पढ़ें)
व्हील चेयर को कब्जे से मुक्त कराने के साथ होमगार्ड जवानों ने अस्पताल परिसर में पास जांच अभियान भी चलाया. इस दौरान बिना जरूरी काम के अस्पताल में घूम रहे लोगों को हटाया गया. वहीं, गुटखा और तंबाकू का सेवन कर परिसर में थूकने वालों को भी सख्त हिदायत दी गई. होमगार्ड जवानों की इस कार्रवाई के बाद अस्पताल परिसर में अनावश्यक भीड़ कम दिखाई दी. अस्पताल प्रबंधन को उम्मीद है कि व्हील चेयर का सही इस्तेमाल सुनिश्चित होने से मरीजों और उनके परिजनों को काफी राहत मिलेगी.












