
चाईबासा : जगन्नाथपुर अनुमंडल मुख्यालय क्षेत्र में कोरोना से बचाव को लेकर लॉकडाउन का अनुपालन करने के लिए लोगों बार बार हिदायत दिये जाने के बावजूद लोग बाज नहीं आ रहे हैं। बार-बार पुलिस के द्वारा भी लोगों को हिदायत दी रही है. ताकि कोरोना से बचने के लिए लोग बिना मास्क पहने घर से न निकलें, घर में रहें सुरक्षित रहें. इन सभी निर्देशों के बाद भी लोग लॉकडाउन की अनदेखी करने से बाज नहीं आ रहे. इसे लेकर मंगलवार को जगन्नाथपुर अनुमंडलाधिकारी स्मृता कुमारी ने कड़ा रूख अपनाते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी संतोष कुमार तथा स्थानीय पुलिस के साथ लॉकडाउन का अनुपालन नहीं करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया. इस दौरान मोटरसाइकिल पर दो सवारी चलने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की गई तथा कई वाहनों की लॉकडाउन में चलने के लिए अनुमति पत्र का जांच की गयी. इस दौरान एक पुआल गाड़ी को पकड़ा गया, जिसकी अनुमति 14 अप्रैल तक ही थी, लेकिन उसी अनुमति पर वाहन चल रहा था. उस वाहन के चालक को हिदायत देकर छोड़ दिया गया, क्योंकी गाड़ी में पशु अहार लदा था. इससे पूर्व सोमवार को एक इनोवा पर मामला दर्ज किया गया जो लॉक डाउन का अनुपालन तो दूर फर्जी अनुमति पत्र पर चल रही थी. वहीं अकारण बाजार में घूमनेवाले वाहन चालको के विरुद्ध अब एसडीओ स्मृता कुमारी के निर्देश पर ऑन स्पॉट चलान काटने से क्षेत्र में हड़कप है. इधर जगन्नाथपुर पुलिस और एफएसटी के टीम में शामिल सअनि एन के सिंह और प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी उमाकांत महतो द्वारा सुबह से ही ऑन स्पॉट फाइन का चलाना काटने का कार्य किया गया. इस दौरान कुल 12 वैसे मोटरसाइकलों का चलान काटा गया, जिस पर एक से दो सवारी बिना मास्क पहने घूमते पाये गये. उनके विरुद्ध लॉक डाउन का अनुपालन नहीं करने का मामला दर्ज किया गया है.















