
जमशेदपुर : वैश्विक महामारी कोरोना वायरस से बचाव हेतु कोल्हान विश्वविद्यालय के नेशनल आर्चरी खिलाड़ी ‘स्टे एट होम’ के माध्यम से “कोरोना हारेगा, इंडिया जीतेगा” का संदेश देने में जुट गए हैं। इस हेतु एबीएम कॉलेज के खेल पदाधिकारी एवं केयू टीम के मैनेजर रहे डॉ. आर के चौधरी कोरोना वायरस से बचाव को लेकर निरंतर जागरूकता अभियान चला रहे हैं । इस माध्यम से वे घर में रहकर कोरोना वायरस के चेन को तोड़ने का उपाय भी बता रहे हैं । खेल पदाधिकारी डॉ. चौधरी ने खिलाड़ियों को बताया कि महाभारत के अज्ञातवास क्रम में एक वर्ष तक न तो अर्जुन तीरंदाजी का और न ही भीम ने अपने गदा का अभ्यास किया था, फिर भी वे महायुद्ध जीते।इसलिए खिलाड़ियों को अधैर्य नहीं होना चाहिए।इस समय शरीर से ना सही मन का अभ्यास करते रहने की आवश्यकता है। साथ ही उन्होंने बताया कि इस स्टे एट होम अभियान में उनके साथ आर्चरी के ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी एवं खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम में गोल्ड मेडल पाने वाले कोल्हान विश्वविद्यालय के आर्चरी खिलाड़ी कोमालिका बारी, बसंती बिरवा, सुमन पूर्ति, अंजली गोंड, सौरभ मुखी, आश्रिता बिरुली एवं गुनाराम पूर्ति ने भाग लिया।















