
चाकुलिया : क्षेत्र में हर दिन हो रही वर्षा और तूफान से ग्रामीण क्षेत्र के कई बिजली के खंभा गिर गया है. वहीं तार टूट जाने से विगत कई दिनों से प्रखण्ड के उत्तरांचल के कई गांव के ग्रामीण अंधेरे में रहने को विवश हैं. बिजली विभाग के पदाधिकारी और कर्मी उन गांवों में बिजली बहाल करने के लिए रात दिन जुटे हुए हैं. शनिवार को गांव के दौरे पर निकले विधायक समीर महंती की नजर जब धूप में काम करते श्रमिकों पर पड़ी, तो वह अपने वाहन से उतर कर दलबल के साथ खेत में काम कर रहे बिजली मिस्त्री और मजदूर के पास जा पहुंचे. उन्होंने मजदूरों का हौंसला बढ़ाने के लिए खुद भी रस्सी पकड़ कर खींचा और कुछ देर तक श्रमिकों के साथ धूप में पसीना बहाया. विधायक ने कहा कि इस महामारी के समय मिस्त्री और श्रमिक लोगों के खातिर घर से बाहर रहकर बिजली व्यवस्था दुरूस्त कर रहे हैं, ताकि लोगों को परेशानी न हो, उन्होंने उनका साथ देकर उनका हौसला बढ़ाया. ताकि मजदूर और मिस्त्री को ये ऐहसास हो कि वे उनके साथ हैं. इस दौरान विभाग के एसडीओ और जेई को वहां न पाकर उन्हेंने दूरभाष पर बात कर फटकार लगाई और ग्रामीण क्षेत्र में जल्द बिजली व्यवस्था बहाल करने की बात कही.







