चाईबासा : छत्तीसगढ के रायपुर में फंसे करीब 1200 मजदूरों को लाने के लिए 12 बसों को मंगलवार को पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा से रवाना किया गया. जिले के उपायुक्त अरवा राजकमल और आरक्षी अधीक्षक इंद्रजीत महथा ने हरी झंडी दिखा कर बसों को यहां से रवाना किया. मुख्यमंत्री के निर्देश पर कोल्हान से कुल 40 बसें छत्तीसगढ के लिए रवाना की गयी हैं, जिसमें 12 चाईबासा और 28 बसें सरायकेला और जमशेदपुर से रवाना की गयी है.
रायपुर में कोल्हान सहित झारखंड के कई जिलों के मजदूर फंसे हुए हैं, जिन्हें चाईबासा लाया जाएगा. उसके बाद उन सभी को अपने-अपने जिलों में भेजा जाएगा. दूसरी तरफ आज सुबह बेंगलुरू से 80 मजदूर चाईबासा पहुंचे. वे बीती रात 1 बजे ट्रेन से हटिया स्टेशन पहुंचे और हटिया से तीन बसों से उन्हें चाईबासा लाया गया. उन सभी की स्वास्थ्य जांच के बाद आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए उन्हें उनके अपने गांव भेज दिया गया.














