
जमशेदपुर : जिला के उपायुक्त सह अध्यक्ष रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम के मार्गदर्शन में शुक्रवार को विश्व रेड क्रॉस दिवस के अवसर पर जमशेदपुर ब्लड बैंक में प्रातः 8 बजे से संध्या 6 बजे तक आयोजित रक्तदान महायज्ञ में 601 लोगों ने रक्तदान किया।

रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने कहा कि केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री सह अध्यक्ष राष्ट्रीय रेड क्रॉस सोसाईटी डॉ. हर्षवर्धन के आह्वान पर आज रक्तदाता पूरी जिम्मेवारी साथ जमशेदपुर ब्लड बैंक में इकठ्ठा हुए जिन्हें चार अलग अलग भागों में रक्तदान शिविर का आयोजन कर सोशल डिस्टेंसिंग को पूरा कर रक्तदाताओं ने रक्तदान किया। रक्तदान शिविर को सफल बनाने में रक्तदाताओं ने अपनी महति भूमिका निभायी, रक्तदाताओं ने अपना धैर्य बनाकर उन्होने अपनी बारी का इंतजार कर रक्तदान किया।

इस रक्तदान शिविर की एक खासियत यह भी रही कि कई बार हम घर की महिलाओं को कठिन परिस्थिति में घर में रहने की सलाह जाने अनजाने दे बैठते हैं, ऐसी युवतियों और महिलाओं ने आज अपना बेहतरीन योगदान किया और 30 युवती और महिलाओं ने रक्तदान किया। रक्तदान शिविर में पांच दिव्यांग ने अपने साहस का परिचय दिया और कहा कि वे इस महान कार्य में किसी से पीछे नहीं, उन्होने भी रक्तदान किया। आज हिन्दी फिल्म का वह गाना मानो रक्तदान शिविर में गूंजता रहा कि जीतेंगे हम हर बाजी, जब खेलें हम जी जान से। रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं को मनोबल बढ़ाने के लिए रेड क्रॉस सोसाईटी के उपाध्यक्ष विकास सिंह, बालमुकुन्द गोयल, समाजसेवी चन्द्रमोहन सिंह, अशोक भालोटिया, पेट्रन अशोक मोदी, राकेश मिश्र, रवि सरावगी मुख्य रूप से उपस्थित थें। रेड क्रॉस के रक्तदान शिविर को सफल बनाने में पूर्व सैनिक सेवा परिषद के सुशील कुमार सिंह के नेतृत्व में राजीव रंजन सिंह, कमल शुक्ला, सतनाम सिंह, दिलीप कुमार, संतोष मुद्रिका सहित 30 से अधिक पूर्व सैनिकों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया तथा रेड क्रॉस कार्यकर्ताओं एवं जमशेदपुर ब्लड बैंक के साथ कंधे से कंधा मिलाकर रक्तदान महायज्ञ को सफल बनाया।

आज रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को रेड क्रॉस एवं रक्तदान स्मृति चिन्ह का टी-शर्ट के साथ एक मास्क प्रदान किया गया। रक्तदान शिविर का संयोजन कर रहे रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह तथा जमशेदपुर ब्लड बैंक में महाप्रबंधक संजय चौधरी ने बताया कि रेड क्रॉस सोसाईटी द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं को 9 एवं 10 मई को भी रक्तदान करने हेतु आमंत्रित किया गया है, जो रक्तदाता आज किसी कारणवश रक्तदान नहीं कर पाये हों वे 9 एवं 10 मई को अपनी सुविधानुसार रक्तदान कर सकेंगे तथा उन्हें स्मृति चिन्ह के रूप में रेड क्रॉस टी शर्ट एवं मास्क भी प्रदान किया जायेगा। 9 मई एवं 10 मई को प्रातः 9 बजे से संध्या 6 बजे तक रक्तदान शिविर का आयोजन जमशेदपुर ब्लड बैंक में ही किया जायेगा। 10 मई का रक्तदान शिविर रेड क्रॉस सोसाईटी के पेट्रन रवि सरावगी के पिता स्व. लक्खी सरावगी के पुण्य स्मृति में आयोजित किया जायेगा। रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा रेड क्रॉस दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इन रक्तदान शिविर के एक हजार यूनिट रक्त जरूरतमंद मरीजों के लिए संग्रह किया जायेगा।













