
जमशेदपुर : जमशेदपुर में वैसे तो कई युवा वर्ग है, जो कई अच्छे काम करते है, लेकिन लॉकडाउन और मंदी और पैसे को लेकर मची आपाधापी के बीच एक युवक ने कुछ ऐसा कर दिया, जिसके बाद जमशेदपुर की पुलिस भी उक्त युवक को सलाम कर रही है. खुद जमशेदपुर के एसएसपी डॉ एम तमिल वाणन ने उनकी ईमानदारी को सलाम किया है और कहा है कि ऐसे युवक विरले ही मिलते है. दरअसल, एक युवक परमजीत सिंह गिल (पिता का नाम मेजर सिंह गिल), जो गोलमुरी थाना क्षेत्र के आइबीपी रोड आनंदनगर का रहने वाला है. उसने घर से निकलने के बाद ही सोने का एक अंगूठी पाया, जिसमें मूंगा लगा हुआ था. उक्त अंगूठी के मिलने के बाद वह सीधे थाना गया. उसने थाने में जाकर सीधे पुलिस को हैंडओवर कर दिया. गोलमुरी थाना प्रभारी ने उनको शाबाशी दी और इस काम को एक मिसाल करार दिया. गोलमुरी थानेदारी की इस रिपोर्ट की जानकारी मिलने के बाद जमशेदपुर के एसएसपी डॉ एम तमिल वाणन ने भी उक्त युवक को सैल्यूट किया और कहा कि ऐसा काम बहुत ही प्रशंसनीय कार्य है.













