
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला उपायुक्त अरवा राजकमल ने पत्र के माध्यम से जिले के सभी मुंडा बंधुओं से अपील की है कि राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश के आलोक में कोविड-19 वैश्विक महामारी की रोकथाम के लिए अधिसूचित संपूर्ण तालाबंदी के कारण विभिन्न राज्यों / जिलों में फंसे प्रवासी मजदूर / नागरिकों को रेल मार्ग या सड़क मार्ग से लाने का काम किया जा रहा है। इसके लिए सभी मुंडाओं से जिला प्रशासन को सहयोग की अपेक्षा है तथा सहयोग के तहत कार्य किया जाना अपेक्षित है। उपायुक्त के द्वारा हो भाषा में जारी किए गए अपने पत्र में कहा गया है कि जिले के सभी मानकी-मुंडा बंधुओं से उक्त कार्यों के प्रभावी निगरानी की अपेक्षा है। किसी प्रकार की समस्या होने पर कोल्हान अधीक्षक गिरिजानंदन किस्कू, मोबाइल नंबर-7903407196 या अपने प्रखंड के अंचलाधिकारी को सूचित कर सकते हैं। अंत में अपने पत्र में जिला उपायुक्त ने लिखा है कि मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप सबों के सहयोग से जिला प्रशासन इस संक्रमण को हराने में कामयाब होगा एवं पश्चिमी सिंहभूम जिला ग्रीन जोन बना रहेगा।
जिला प्रशासन को यह है अपेक्षा / निर्देश
- वैसे श्रमिक जो ग्रीन जोन से लाए जा रहे हैं उन्हें होम क्वारंटाइन किया जाना है।
- वैसे मजदूर जो रेड जोन से आ रहे हैं उन्हें स्टेट क्वारंटाइन किया जाना है।
- उन लोगों की गांव / पंचायत में बेवजह मूवमेंट की निगरानी की जानी है तथा कोरोना वायरस संक्रमण के किसी तरह के लक्षण की जानकारी होने पर सरकारी अस्पताल में जांच करने के लिए सूचित किया जाना है।
- सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन किया जाना है और इस आशय के लिए मानकी-मुंडाओं को गांव के सोशल डिस्टेंसिंग ऑफिसर के रूप में प्राधिकृत किया जाता है।
- उनके आने के पश्चात अन्य समस्याओं का समाधान किया जाना है।
- उक्त कार्य और निर्देशों के अनुपालन की सतत निगरानी की आवश्यकता है और मानकी-मुंडा इस संबंध में सतर्क रहेंगे।















