
बहरागोड़ा : कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए सरकार ने लॉक डाउन की घोषणा की है. लॉक डाउन होने से गरीब और असहाय परिवार को भोजन की व्यवस्था करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. लोगों की परेशानियों को देखते हुए चाकुलिया के साउथ ईस्ट केमिकल्स द्वारा भूतपूर्व मंत्री स्व शिबू रंजन खां की स्मृति में बहरागोड़ा प्रखंड की भूतिया पंचायत और नेरहा गम्हरिया पंचायत के 120 गरीब असहाय जरूरतमंद लोगों के लिए खाद्य सामग्री उपलब्ध करायी गयी. कांग्रेस परिवार के बैनर तले कांग्रेस के पूर्व राज्यसभा सदस्य सह घाटशिला के पूर्व विधायक प्रदीप कुमार बलमूचू ने गरीब ,असहाय और जरूरतमंद लोगों के बीच खाद्य सामग्री का वितरण किया.
श्री बालमुचू ने कहा कि इस भूतपूर्व मंत्री स्व शिबू रंजन खां की स्मृति में उनके पुत्र श्यामल खां द्वारा इस प्रकार से गरीबों को सहयोग करना सराहनीय कार्य है. ऐसा कार्यक्रम आज के दिन में समाज के लिए बहुत ही उपयोगी है. आज पूरा विश्व और हमारा भारतवर्ष वैश्विक कोरोना वायरस महामारी से जूझ रहा है और ग्रामीणों से उन्होंने आग्रह किया कि आप अनावश्यक घर से बाहर न निकलें. इस बीमारी की कोई दवा नहीं है. इसलिए जितना हो सके घर पर ही रहें. इसी में सबकी भलाई है.
श्री बलमुचु ने कहा कि सभी मास्क लगाकर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए जरूरत पड़ने से ही घर से निकलें. उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन के नियमों का पालन करें. श्री बालमुचु ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए खाद्य सामग्री के रूप में चावल, आटा, आलू, दाल, सरसों तेल, नमक, बोतल साबुन, पॉवर सर्फ समेत अन्य सामग्री का वितरण किया. इस दौरान अर्धेंदु शेखर दास, भूटेस पंडित, अशोक सीट, स्वपन माझी, निखिल करन, अंपा हेंब्रम, विराम मांडी, विकास मांडी, हरेलाल मुंडा समेत अन्य लोग उपस्थित थे.
दूसरी ओर श्यामल कुमार खां ने श्री बालमुचु को धन्यवाद देते हुए कहा है कि उन्होंने अपना बहुमूल्य समय हम लोगों को दिया. श्री खां ने यह भी कहा की यह कार्यक्रम आगे भी चलता रहेगा, मेरा एक ही उद्देश्य है कि कोई भी गरीब इस महामारी में भूखा न रहे.







